Mumbai Coastal Road का 3.5 किलोमीटर उत्तरी भाग वाहनों के आवागमन के लिए खोला गया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 11, 2024

दक्षिण मुंबई से उपनगरों तक जाने में सुगमता के लिए तटीय सड़क के उत्तर की ओर जाने वाले मार्ग का 3.5 किलोमीटर लंबा हिस्सा बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे खोल दिया गया। इस मार्ग से हो कर वाहनों के उपनगरों तक जाने में कम समय लगेगा।

यह सड़क हाजी अली से वर्ली में खान अब्दुल गफ्फार खान रोड तक फैली हुई है। यह करीब 12 किलोमीटर लंबी मुंबई तटीय सड़क परियोजना का हिस्सा है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि इससे वाहन चालकों को हाजी अली और बांद्रा-वर्ली सी लिंक के बीच यातायात की समस्या से निजात मिलेगी।

बीएमसी ने बुधवार शाम जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि यह मार्ग सोमवार से शुक्रवार तक सुबह सात बजे से रात 11 बजे तक वाहनों के आवागमन के लिए खुला रहेगा। उसने बताया कि तटीय सड़क से बांद्रा-वर्ली सी लिंक जाने वाले वाहनों के लिए यह मार्ग अस्थायी रूप से खोला गया है तथा परियोजना के शेष कार्य को पूरा करने के लिए यह मार्ग शनिवार और रविवार को बंद रहेगा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को नगर निगम आयुक्त भूषण गगरानी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस मार्ग का निरीक्षण किया था। शिंदे ने कहा कि 13,983 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना का काम 91 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष काम को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है। बीएमसी ने 11 मार्च को वर्ली में बिंदु माधव चौक से मरीन ड्राइव तक तटीय सड़क का 9.5 किलोमीटर लंबा दक्षिणी भाग वाहनों के आवागमन के लिए खोला था। बीएमसी ने इसके बाद 10 जून को हाजी अली में मरीन ड्राइव और लोटस जंक्शन के बीच 6.25 किलोमीटर मार्ग यातायात के लिए खोला था।

बीएमसी की निगरानी में मुंबई तटीय सड़क परियोजना का सारा काम किया जा रहा है। मुंबई तटीय सड़क परियोजना में कुल 13,983 करोड़ रुपये खर्च होंगे और 13 अक्टूबर, 2018 से इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया था।

प्रमुख खबरें

Piyush Goyal का बड़ा दावा: West Asia संकट के बीच Indian Economy की बुनियाद मजबूत

Mamata Banerjee Vs Suvendu Adhikari : West Bengal Elections में फिर से दिखेगा हाई वोल्टेज ड्रामा, कौन जीतेगा सबसे बड़ी टक्कर?

अहंकार और नाटकबाजी, Parliament में Rahul Gandhi के रवैये पर 204 दिग्गजों ने उठाए सवाल

Rajya Sabha चुनाव में धोखा, Odisha Congress का बड़ा एक्शन, Sofiya Firdous समेत 3 विधायक सस्पेंड