By अभिनय आकाश | Jan 22, 2025
देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में एक लोकप्रिय स्की रिसॉर्ट में 12 मंजिला होटल में आग लगने से 76 लोगों की मौत हो गई और 51 अन्य घायल हो गए। यह घटना बोलू प्रांत के कोरोग्लू पहाड़ों में कार्तलकाया के ग्रैंड कार्तल होटल में हुई। अधिकारियों के अनुसार, आग से बचने के लिए होटल की इमारत से कूदते समय दो लोगों की जान चली गई। आग स्कूल की छुट्टियों के दौरान लगी। गृह मंत्री अली येरलिकाया ने यह जानकारी दी। येरलिकाया ने कहा कि मृतकों में से 45 की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्यकी पहचान के प्रयास जारी हैं। मंत्री ने कहा कि अधिकारियों ने इस घटना की जांच के तहत नौ लोगों को हिरासत में लिया है। तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने इस भीषण अग्निकांड के दोषियों को कड़ी सजा देने का ऐलान किया है।
इस्तांबुल से लगभग 300 किलोमीटर पूर्व में कोरोग्लू पर्वतीय क्षेत्र में स्थित एक लोकप्रिय स्की रिसॉर्ट है। तुर्किये में स्कूलों की छुट्टियां चल रही हैं और इस दौरान क्षेत्र के होटल आम तौर पर भरे हुए रहते हैं। आयदीन के कार्यालय ने बताया कि दमकल के 30 ट्रक और 28 एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया। एहतियात के तौर पर रिसॉर्ट के अन्य होटलों को खाली करा लिया गया और मेहमानों को बोलू के आसपास के होटलों में ठहराया गया है। इस बीच, मध्य तुर्किये में एक अन्य स्की रिसॉर्ट के होटल में विस्फोट की घटना में चार लोग घायल हो गए। विस्फोट सिवास प्रांत के यिल्डिज माउंटेन विंटर स्पोर्ट्स सेंटर में हुआ। सिवास गवर्नर के कार्यालय ने बताया कि घटना में स्कीइंग प्रशिक्षण लेने वाले दो लोग और उनका प्रशिक्षक तथा एक अन्य प्रशिक्षक झुलस गए।