By अभिनय आकाश | Oct 30, 2026
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों (Mid-Term Elections) से ठीक पहले पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान ने देश का सियासी पारा और चढ़ा दिया है। जब ट्रंप से पूछा गया कि यदि उनकी रिपब्लिकन पार्टी चुनाव हार जाती है, तो क्या वे नतीजों को स्वीकार करेंगे? इस पर उन्होंने कहा कि यदि चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न होते हैं, तभी वे परिणाम स्वीकार करेंगे। यानी मतदान प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही परिणामों की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े किए जाने लगे हैं। अमेरिका के कई राज्यों में अर्ली वोटिंग (मतदान की तारीख से पहले वोट डालना) जारी है, जहां विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी आगे दिखाई दे रही है। ऐसे में यह समझना ज़रूरी है कि 3 नवंबर को होने वाले ये मध्यावधि चुनाव ट्रंप और उनकी पार्टी के लिए कितने अहम हैं। अमेरिका में 3 नवंबर को मुख्य मतदान होना है, लेकिन इससे पहले ही अर्ली वोटिंग के तहत 4 करोड़ (40 मिलियन) से अधिक लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं। यदि सर्वेक्षणों और शुरुआती रुझानों की मानें, तो अर्ली वोटिंग में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी पिछड़ती दिख रही है, जबकि विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को 47% से अधिक समर्थन मिलता नज़र आ रहा है। वहीं, ट्रंप की पार्टी के पक्ष में करीब 36% लोगों का समर्थन दर्ज किया गया है। इससे पहले 27 अक्टूबर को भी जब ट्रंप से यही सवाल किया गया था कि पार्टी की हार की स्थिति में क्या वे जनादेश मानेंगे, तो उन्होंने दोहराया था कि वे केवल ईमानदारी से कराए गए चुनावों के परिणाम ही स्वीकार करेंगे। ट्रंप का यह रुख ऐसे समय सामने आया है जब मतदान प्रक्रिया ज़ोरों पर है।
अमेरिका में चुनाव की तारीख से पहले वोट डालने की सुविधा को अर्ली वोटिंग कहा जाता है। मतदाता चुनाव के दिन से पहले, एक तय कार्यक्रम के अनुसार अपना वोट डाल सकते हैं। इसके लिए वे पोलिंग बूथ पर जा सकते हैं, या कुछ इलाकों में, डाक के जरिए बैलेट पेपर भेजकर भी वोट दे सकते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को वोट देने का मौका देना है। आपको बता दें कि अमेरिका के मध्यावधि चुनावों (मिडटर्म इलेक्शन) से पहले, इस बार बड़ी संख्या में मतदाता अर्ली वोटिंग के जरिए अपने वोट डाल रहे हैं।
टेक्सास में अर्ली वोटिंग के पहले सात दिनों में 45 लाख से ज्यादा लोगों ने अपने वोट डाले हैं। यह आंकड़ा 2022 के मध्यावधि चुनावों की इसी अवधि की तुलना में अधिक है। वहीं, कुछ सर्वे बता रहे हैं कि रिपब्लिकन पार्टी के मुकाबले डेमोक्रेटिक पार्टी को बढ़त हासिल है। हालाँकि, शुरुआती मतदान के आंकड़ों को चुनाव का अंतिम परिणाम नहीं माना जा सकता। लेकिन अब, सबसे बड़ा सवाल यह है कि ये चुनाव ट्रम्प के लिए इतने महत्वपूर्ण क्यों हैं? दरअसल, ये मध्यावधि चुनाव ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल के बीच में हो रहे हैं।