अभय शर्मा दिल्ली क्रिकेट टीम के मुख्य कोच बने

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 01, 2022

भारत ए और अंडर-19 टीम के पूर्व क्षेत्ररक्षक कोच अभय शर्मा को 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे घरेलू सत्र से पहले दिल्ली क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। भारत के पूर्व स्पिनर और चयनकर्ता सरनदीप सिंह इस पद के प्रबल दावेदार थे, लेकिन रोहन जेटली के नेतृत्व वाले डीडीसीए (दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ) ने शर्मा को तरजीह दी, जिनके पास कोचिंग का अधिक अनुभव है। निखिल चोपड़ा, गुरशरण सिंह और रीमा मल्होत्रा ​​की क्रिकेट सलाहकार समिति ने अध्यक्ष को शर्मा के नाम की सिफारिश की थी।

राजस्थान रॉयल्स के पूर्व क्षेत्ररक्षण कोच दिशांत याग्निक को सीनियर महिला टीम का प्रभार दिया गया है जबकि भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बचपन के कोच जसवंत राय पुरुषों की अंडर -19 टीम के कोच होंगे। राय ने एक खिलाड़ी के रूप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।डीडीसीए के एक सूत्र ने कहा, ‘‘अभय शर्मा को सीनियर टीम का मुख्य कोच चुना गया है।’’ शर्मा ने भारत ए, भारत अंडर -19 और हाल ही में राष्ट्रीय महिला टीम के साथ काम किया है। इस 53 साल के पूर्व खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट में दिल्ली, रेलवे और राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया है।

उन्होंने 89 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। वह 2016 में जिम्बाब्वे दौरे पर गयी भारतीय टीम के क्षेत्ररक्षण कोच भी थे। वह इसी साल अमेरिका और वेस्टइंडीज के दौरे पर गयी भारतीय टीम के साथ भी जुड़े थे। दिल्ली की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने अभियान की शुरुआत मणिपुर के खिलाफ करेगी। ऐसे में शर्मा के पास टीम के साथ काम करने के लिए दो सप्ताह से भी कम समय है। टीम की घोषणा की जानी अभी बाकी है। डीडीसीए ने शर्मा का नाम तय करने से पहले काफी ढुलमुल रवैया अपनाया।

डीडीसीए के एक अन्य सूत्र ने कहा, ‘‘यह कम से कम दो सप्ताह पहले हो जाना चाहिए था। लेकिन अच्छी बात यह है कि चुना गया अधिकांश कोचिंग स्टाफ दिल्ली के बाहर से है।’’ दिल्ली के लिए पिछला सत्र भूलने वाला रहा जब वे तीनों घरेलू प्रतियोगिताओं मुश्ताक अली, विजय हजारे और रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे थे। टीम को पिछले सत्र में विराट कोहली के बचपन के कोच राज कुमार शर्मा ने कोचिंग दी थी और कप्तानी की जिम्मेदारी प्रदीप सांगवान को सौंपी गई थी।

प्रमुख खबरें

Delhi में इंटरनेट पाबंदी पर Omar Abdullah का तंज, बोले- नए J&K मॉडल में स्वागत है

Gurdwara Bangla Sahib में जूते पहनकर घुसने का झूठा Video फैलाने वालों पर Delhi Police दर्ज करेगी केस

JPNIC पर बढ़ाई गई सुरक्षा, Jayaprakash Narayan जयंती पर पहुंच सकते हैं Akhilesh Yadav

भारत को आत्मनिर्भर बनाने और विश्व में शांति फैलाने के लिए समर्पण से काम करें स्वयंसेवक: मोहन भागवत