By एकता | Nov 29, 2026
इजरायल में नई सरकार बनाने और सत्ता के बंटवारे को लेकर चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और याशर पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट के बीच रविवार को अहम बैठक हुई। तेल अवीव स्थित इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) के मुख्यालय किरया में हुई इस मुलाकात की शुरुआत सुरक्षा ब्रीफिंग से हुई। दोनों नेताओं के बीच एकता सरकार बनाने और प्रधानमंत्री पद के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई।
‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ के मुताबिक, यह बैठक पहले हर्जलिया के डैन अकादिया होटल में होनी थी। आइजनकोट ने नेतन्याहू और उनकी टीम को वहीं बातचीत के लिए बुलाया था। हालांकि, बाद में बैठक की जगह बदलकर तेल अवीव स्थित किरया सैन्य मुख्यालय कर दी गई। यहां बातचीत से पहले सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी गई। यह बैठक नेतन्याहू के शनिवार को दिए गए उस प्रस्ताव के बाद हुई, जिसमें उन्होंने आइजनकोट के नेतृत्व वाली एकता सरकार में शुरुआत में वैकल्पिक प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जताई थी।
नेतन्याहू का यह प्रस्ताव उनके पुराने रुख से अलग है। पहले उनका कहना था कि देश की सबसे बड़ी पार्टी को ही सरकार का नेतृत्व करना चाहिए। उनकी लिकुड पार्टी सबसे बड़ी पार्टी होने के आधार पर प्रधानमंत्री पद पर अपना दावा जता रही थी। हालांकि, अब नेतन्याहू ने कहा है कि देश के सामने मौजूद बड़े सुरक्षा खतरों को देखते हुए वह इस सिद्धांत को पीछे छोड़ने और आइजनकोट को पहले प्रधानमंत्री बनने देने के लिए तैयार हैं। इस कदम को विपक्षी दलों के बीच बन रहे गठबंधन को प्रभावित करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेतन्याहू के प्रस्ताव के साथ एक शर्त भी जुड़ी है। वह चाहते हैं कि ईरान से जुड़े किसी संभावित सुरक्षा संकट से निपटने के लिए कुछ समय तक प्रधानमंत्री पद उनके पास ही रहे। इसके बाद आइजनकोट को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए।
‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ और ‘वाईनेट’ की रिपोर्ट के अनुसार, आइजनकोट ने इस शर्त को खारिज कर दिया है। हालांकि, इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच अंतिम सहमति बनी है या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
इससे पहले शनिवार को आइजनकोट ने नेतन्याहू और उनकी लिकुड पार्टी को बातचीत की गंभीरता साबित करने के लिए 24 घंटे का समय दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि अगर लिकुड पार्टी वास्तव में एकता सरकार बनाने के लिए तैयार है, तो नेतन्याहू और उनकी टीम हर्जलिया के डैन अकादिया होटल में आकर नीतियों और सरकार के बुनियादी सिद्धांतों पर बातचीत करें।
आइजनकोट ने यह भी कहा था कि नेतन्याहू के अनुरोध पर बनाए गए एक गोपनीय माध्यम से करीब तीन सप्ताह पहले विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया था। इसमें कई अहम नीतिगत मुद्दे शामिल थे और कुछ मामलों में उनकी पार्टी ने समझौते की पेशकश भी की थी। हालांकि, उनके मुताबिक, अब तक उन्हें इस प्रस्ताव पर कोई ठोस जवाब नहीं मिला।
दूसरी तरफ, नेतन्याहू ने जल्द बातचीत शुरू करने की अपील की है। उनका कहना है कि इजरायल के सामने मौजूद गंभीर सुरक्षा खतरों को देखते हुए एक मजबूत एकता सरकार की जरूरत है। इसी वजह से उन्होंने सबसे बड़ी पार्टी के नेतृत्व वाले अपने पुराने सिद्धांत को छोड़कर आइजनकोट को पहले प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया है। अब दोनों नेताओं की बैठक के बाद यह देखना अहम होगा कि क्या वे प्रधानमंत्री पद के बंटवारे और सरकार की नीतियों को लेकर अपने मतभेद दूर कर पाते हैं।