By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 09, 2023
नयी दिल्ली। अडाणी समूह के कॉरपोरेट ब्रांड संरक्षक और कारपोरेट मामलों के प्रमुख अमन कुमार सिंह ने व्यस्तताओं के चलते एनडीटीवी लिमिटेड के निदेशक मंडल से इस्तीफा दे दिया है। उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार का मामला भी चल रहा है। नई दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (एनडीटीवी) ने पिछले सप्ताह शेयर बाजार को बताया, “अमन कुमार सिंह ने अपनी व्यस्तताओं के चलते कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशकपद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा एक अप्रैल, 2023 से प्रभावी हो गया है।” भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के पूर्व अधिकारी और छत्तीसगढ़ में रमन सिंह की अगुवाई वाली पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में एक शक्तिशाली नौकरशाह सिंह उस समय मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव थे।