By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 13, 2025
एयर इंडिया ने शनिवार को कहा कि वह 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट की समीक्षा के लिए आने वाले दिनों में विशेष सत्र आयोजित करेगी, जिनमें पायलटों को भी शामिल किया जाएगा।
एयर इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उड़ान परिचालन) मनीष उप्पल ने पायलटों को लिखे एक पत्र में कहा, 12 जून को अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही हमारी उड़ान संख्या एआई171 से जुड़ी हालिया दुखद दुर्घटना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आधिकारिक तौर पर जारी कर दी गई है।
विमानन पेशेवर होने के नाते, हम समझते हैं कि सुरक्षा से जुड़ी हर घटना से सुरक्षित उड़ान सुनिश्चित करने के लिए सीख लेना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी ने विमानन जगत और एयर इंडिया के पायलट समुदाय को गहराई से प्रभावित किया है।
उन्होंने पत्र में कहा, प्रारंभिक रिपोर्ट एयरलाइन को शुरुआती जानकारी देती है। यह अंतिम निर्णय नहीं है, बल्कि कारकों की पहचान करने और यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है कि ऐसी त्रासदी को रोकने के लिए सभी संभव उपाय किए जाएं।
उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि पायलटों को दबाव का सामना करने, लगातार सीखने और सबसे जरूरी समय पर निर्णायक रूप से काम करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। उप्पल ने पत्र में कहा, हम आने वाले दिनों में रिपोर्ट की समीक्षा के लिए एक विशेष सत्र आयोजित करेंगे।