By अंकित सिंह | Oct 30, 2026
छात्र कार्यकर्ता और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन की रैली को अपना समर्थन दिया है। यह विरोध प्रदर्शन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR प्रक्रिया पर पूरी तरह रोक लगाने और 2023 के कानून को वापस लेने की हमारी मांग, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में एक आंदोलन का रूप लेगी।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ मुख्य निर्वाचन आयुक्त आयुक्त ज्ञानेश कुमार और ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ एक नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक मार्च निकालेगा। राहुल गांधी ने एक वीडियो जारी कर लोगों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक नवंबर को दोपहर 12 बजे मार्च शुरू होगा। यह मिंटो रोड और कनॉट प्लेस के जंक्शन से शुरू होगा और रामलीला मैदान तक हम सब मिलकर चलेंगे।’’ कांग्रेस नेता ने लोगों से बड़ी संख्या में ‘इंडिया’ गठबंधन के इस मार्च में शामिल होने का आह्वान किया। विपक्षी गठबंधन ने इस मार्च को ‘चलो दिल्ली’ नाम दिया है। इस मार्च के बाद रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की रैली होगी।