Omicron के बढ़ते केस के बीच PM मोदी बोले- सतर्क और सावधान रहने की जरूरत, कोरोना से लड़ाई अभी खत्म नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 24, 2021

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ से सतर्क और सावधान रहने की जरूरत पर बल देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। देश में ‘ओमीक्रोन’ के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री ने आज एक उच्च स्तरीय बैठक में महामारी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह चौकस रहें और राज्यों के साथ मिलकर काम करें तथा स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के साथ ही संपर्कों का प्रभावी व त्वरित तरीके से पता लगाने, जांच और टीकाकरण में तेजी लाने पर जोर दें। साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र उन राज्यों की मदद के लिए टीम भेजेगा जहां टीकाकरण कम हुआ है, कोविड के मामले बढ़ रहे हैं और स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचा पर्याप्त नहीं है।

मोदी ने अधिकारियों से कहा कि वह राज्यों के साथ लगातार संपर्क में रहें और स्वास्थ्य ढांचे की मजबूती संबंधी तैयारियों का जायजा लेते रहें। प्रधानमंत्री ने इस दौरान ’टेली-मेडिसिन’ और दूरस्थ परामर्श के लिए सूचना प्रौद्योगिकी माध्यमों के प्रभावी उपयोग का आह्वान किया। बैठक में कैबिनेट सचिव व नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वी.के. पॉल, केंद्रीय गृह सचिव ए.के. भल्ला, आईसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव, शहरी विभाग के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा, केंद्र सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार के. विजय राघवन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब भारत में ‘ओमीक्रोन’ के 236 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 104 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं या अन्य स्थानों पर चले गए। ये मामले 16 राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों में सामने आए। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि महाराष्ट्र में ‘ओमीक्रोन’ स्वरूप के सबसे अधिक 65 मामले, दिल्ली में 64, तेलंगाना में 24, राजस्थान में 21, कर्नाटक में 19 और केरल में 15 मामले सामने आए हैं।

इसे भी पढ़ें: गुजरात में कोरोना का कहर, कोरोना वायरस संक्रमण के 111 नए मामले दर्ज; 2 की मौत

केंद्र सरकार ने मंगलवार को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कहा था कि कोरोना वायरस का ओमीक्रोन स्वरूप इसके डेल्टा स्वरूप की तुलना में कम से कम तीन गुना अधिक संक्रामक है और आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय किए जाने के साथ ही जिला एवं स्थानीय स्तर पर सख्त एवं त्वरित रोकथाम कार्रवाई की जानी चाहिए। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे पत्र में, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने परीक्षण और निगरानी बढ़ाने के अलावा रात में कर्फ्यू लगाने, बड़ी सभाओं का सख्त नियमन, शादियों और अंतिम संस्कार में लोगों की संख्या कम करने जैसे रणनीतिक निर्णय को लागू करने की सलाह दी। पत्र में उन उपायों पर प्रकाश डाला गया है, जिन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के शुरुआती संकेतों के साथ-साथ चिंता बढ़ाने वाले स्वरूप ओमीक्रोन का पता लगाने के लिए उठाए जाने की आवश्यकता है। ओमीक्रोन की संक्रामकता के मद्देनजर देश में कोविड रोधी टीके की बूस्टर खुराक देने की मांग भी उठ रही है। कई देशों में बूस्टर खुराक दी भी जा रही है।

प्रमुख खबरें

US Immigration Fraud: भारतीय वकील Suraj Raj Singh पर 4 करोड़ का जुर्माना, फर्जी Asylum आवेदन का आरोप

1 अगस्त को Tamil Nadu जाएंगे Rahul Gandhi पर मुख्यमंत्री विजय से नहीं होगी मुलाकात

Ben Stokes की वापसी पर सस्पेंस बरकरार, Rob Key बोले- Ashes 2027 से पहले मुमकिन है धाकड़ ऑलराउंडर का कमबैक

Bombay High Court ने कचरा फैलाने की प्रवृत्ति पर जताई नाराजगी, नगर निकाय को दिए निर्देश