हैदराबाद में टेक-हब गाचीबोवली के 5-स्टार होटल में अमेरिकी कारोबारी की मौत, 12वीं मंजिल के कमरे में मिला शव

By रेनू तिवारी | Nov 07, 2026

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के प्रमुख आईटी और व्यावसायिक केंद्र गाचीबोवली स्थित एक लग्जरी होटल के कमरे में 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक के मृत मिलने से हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया के रहने वाले माइकल ब्रायन ली (41) के रूप में हुई है। वह एक व्यावसायिक यात्रा (बिजनेस ट्रिप) पर भारत आए हुए थे। तेलंगाना पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, माइकल ब्रायन ली 2 नवंबर को अपने बिजनेस पार्टनर डेविड के साथ एक महत्वपूर्ण बिजनेस मीटिंग के सिलसिले में हैदराबाद पहुंचे थे। दोनों गचीबोवली पुलिस स्टेशन के क्षेत्राधिकार में आने वाले 'एसएलएन टर्मिनस' (SLN Terminus) स्थित मैरियट एग्जीक्यूटिव अपार्टमेंट्स (Marriott Executive Apartments) में ठहरे हुए थे।

4 नवंबर को होटल स्टाफ की बार-बार कॉल का जवाब न मिलने पर, वे 12वीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 1218 में गए, जहां ली अचेत अवस्था में मिले। स्टाफ ने तुरंत इमरजेंसी सेवाओं को सूचित किया, लेकिन मेडिकल टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, पुलिस ने बताया, "तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने जांच के बाद पुष्टि की कि उनकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलने पर गाचीबोवली पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया, मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।"

पुलिस ने मामला दर्ज किया, जांच शुरू की
मौत का कारण अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इलाके की जांच की गई है और ली के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद आगे की जानकारी सामने आएगी।

पुलिस ने कहा, "मौत के कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य विवरणों के आधार पर चलेगा। पुलिस इस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है।" वहीं, होटल स्टाफ की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।

बेंगलुरु के होटल में दो विदेशियों की मौत
लगभग एक हफ्ते पहले, कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित फाइव-स्टार कॉनराड होटल में स्विमिंग पूल में तैरते समय करंट लगने से दो विदेशियों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस (जर्मन नागरिक) और 45 वर्षीय जुराज होर्वात (स्लोवाकियाई नागरिक) के रूप में हुई थी। बेंगलुरु पुलिस ने बताया कि दो अन्य लोग भी घायल हुए थे, लेकिन उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया और उनकी हालत स्थिर है। बाद में एक मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने घटना के बारे में और जानकारी जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

प्रमुख खबरें

Kamal Haasan के 72वें जन्मदिन पर Pinarayi Vijayan ने दी शुभकामनाएं, प्रगतिशील मूल्यों की सराहना की

SIR की आड़ में 13 करोड़ लोग योजनाओं से बाहर, KC Venugopal का PM Modi पर वार

Lawrence Bishnoi Gang को बड़ा झटका: अमेरिका में पकड़ा गया कुख्यात गैंगस्टर Harry Boxer, जल्द भारत प्रत्यर्पण की तैयारी

UP में Owaisi ने चला नया दांव, Mayawati से गठबंधन की तैयारी, Bhim and Meem साथ आये तो सपा के समीकरण बिगड़ेंगे