By अनुराग गुप्ता | Feb 08, 2022
हैदराबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को स्टैच्यू ऑफ इक्वलिटी पहुंचकर श्री रामानुजाचार्य को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस प्रकार के महापुरुषों के स्मारक लोगों को सालों तक काम करने की चेतना और उत्साह देते हैं। उन्होंने कहा कि यहां सभी प्रकार की पूजा व्यवस्थाओं और प्रणालियों को रखने और संरक्षित करने का कार्य भी किया गया है। श्री रामानुजाचार्य जी ने जातिगत भेदभाव को समाप्त करने का काम किया। उन्होंने वेदों का सार लिया और समाज में रखा, कई क्रूर रीति-रिवाजों को तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि सारे देश के सभी मतों के संप्रदाय के आचार्य यहां बैठे हैं। आप सभी को यहां देखकर मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी यात्रा न कभी रुकेगी, न थमेगी और फिर से एक बार दिग्विजयी होकर पूरे विश्व में ज्ञान का प्रचार और प्रसार करेगी। उन्होंने कहा कि इस पवित्र भूमि पर स्मारक के साथ-साथ वेदाभ्यास की भी व्यवस्था की गई है। वेदों की 9 की 9 शाखाओं के अभ्यास यहां से करके विद्यार्थी यहां से निकलेंगे और पूरे देश में फैलकर जहां-जहां जाएंगे, वहां वेद के ज्ञान की सुगंध और ज्योति को प्रज्ज्वलित करते जाएंगे।