ममता बनर्जी पर बरसे अमित शाह, कहा- भाजपा की लड़ाई बंगाल को सोनार बांग्ला बनाने की है

By अंकित सिंह | Feb 18, 2021

कोलकाता के पड़ोसी दक्षिण 24 परगना जिले में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह परिवर्तन यात्रा के तहत एक सभा को संबोधित किया। अपनी सभा में अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि आज परिवर्तन यात्रा का पांचवा चरण शुरू हो रहा है। ये यात्रा बंगाल के हर विधानसभा क्षेत्र से गुजरने वाली हैं। 294 विधानसभा क्षेत्रों से ये परिवर्तन रथ गुजरने वाला है। ये परिवर्तन यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संदेश लेकर आ रही है। परिवर्तन का मतलब बताते हुए अमित शाह ने कहा कि यह परिवर्तन मछुआरे भाइयों को नाव चलाने के लिए किसी को रिश्वत न देनी पड़े, यह परिवर्तन आदिवासियों को रहने के लिए कट मनी न देनी पड़े, इसलिए है। परिवर्तन किसी को सत्ता से हटाने के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय आपका अधिकार कोई और न ले जाए, इसे परिवर्तन कहते हैं। किसानों की फसल का सही दाम किसानों को मिले, बिचौलियों को न मिले, इसे परिवर्तन कहते हैं। शाह ने ऐलान करते हुए कहा कि आप एक बार बंगाल में भाजपा की सरकार बना दीजिए, बंगाल के सभी सरकारी कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाएगा। शिक्षक भाइयों को उचित मानदंड मिले, इसके लिए एक कमेटी का गठन भाजपा सरकार करेगी। दक्षिण 24 परगना में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा की लड़ाई बंगाल को सोनार बांग्ला बनाने की लड़ाई है और ये हमारे बूथ के कार्यकर्ता और तृणमूल कांग्रेस के सिं​डिकेट के बीच की लड़ाई है। ये सिंडिकेट वाले आप तक आपका फायदा नहीं पहुंचने देते हैं।  उन्होंने कहा कि गंगासागर को हम अंतरराष्ट्रीय पर्यटन सांस्कृतिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने जा रहे हैं। गंगासागर को केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत भी लाएंगे। उत्तरायण के दिन यहां जो मेला लगता है, उसे हम अंतरराष्ट्रीय स्तर के मेले का दर्जा देंगे।

 

इसे भी पढ़ें: अमित शाह और जेपी नड्डा ने भाजपा नेताओं के साथ की बैठक, बोले- कृषि कानूनों के बारे में गलतफहमियों को करें दूर

 

अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि टीएमसी का एक ही नारा है, भतीजा बढ़ावा। भतीजे के कल्याण के अलावा टीएमसी के मन में कोई अभिलाषा नहीं है। नरेन्द्र मोदी जी का नारा है, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास। बंगाल में जो राजनीतिक हिंसा होती है, उसमें 130 भाजपा कार्यकर्ता मारे गए। ममता दीदी सोचती हैं कि किसी को मार देने से भाजपा रूक जाएगी। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि ममता दीदी तृणमूल के गुंडो ने हमारे 130 कार्यकर्ताओं को मारा है, उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। बंगाल की धरती पर ताकत के साथ कमल खिलने वाला है।

 

इसे भी पढ़ें: बांग्ला सिनेमा के यश दासगुप्ता सहित कई स्टार BJP में हुए शामिल

 

पश्चिम बंगाल में तृणमूल सरकार पर ‘‘कट मनी और गिरोह संस्कृति’’ शुरू करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि सत्ता में आने पर भाजपा चक्रवात ‘अम्फान’ राहत कोष में गबन की जांच कराएगी और दोषियों को जेल भेजेगी। शाह ने कहा कि भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ मुख्यमंत्री, विधायक या मंत्री को बदलने के लिए नहीं बल्कि घुसपैठ को बंद करने तथा पश्चिम बंगाल को एक विकसित राज्य में परिवर्तित करने की है। उन्होंने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘परिवर्तन यात्रा मुख्यमंत्री या किसी मंत्री को बदलने के लिए नहीं है। यह तो घुसपैठ को बंद करने तथा बंगाल का कायाकल्प करने के लिए है। आप भाजपा को वोट तो करो, अवैध प्रवासी तो क्या, सीमापार से एक पंछी को भी राज्य में घुसने की इजाजत नहीं होगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की लड़ाई बंगाल को ‘सोनार बांग्ला’ बनाने की है। यह लड़ाई बूथ स्तर के हमारे कार्यकर्ता और तृणमूल कांग्रेस के गिरोह के बीच है।’’ उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की घटनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि दोषियों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। 

 

इसे भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में हिंदू शरणार्थी के घर अमित शाह ने खाया खाना, दिया CAA का संकेत


केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा सत्तारूढ़ तृणमूल के ‘गुंडों’ और ‘गिरोह’ से निबटने के लिए तैयार है। शाह ने ‘अम्फान’ चक्रवात के बाद राहत कोष वितरण में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी तृणमूल शासन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार ने चक्रवात अम्फान के बाद राहत राशि भेजी थी लेकिन तृणमूल के नेताओं ने इसमें सेंध लगाई। सत्ता में आने पर हम अम्फान राहत कोष के वितरण में भ्रष्टाचार की छानबीन के लिए एक जांच समिति बनाएंगे। भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा।’’ चक्रवात ‘अम्फान’ के कारण मई 2020 में पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बांग्लादेश में बड़ी तबाही हुई थी। शाह ने कहा, ‘‘चक्रवात और प्राकृतिक आपदाओं से लोगों की जान बचाने के लिए एक कार्यबल गठित करेंगे।’’ ‘जय श्रीराम’ के नारे को लेकर उपजे विवाद के बारे में शाह ने कहा, ‘‘बंगाल की मुख्यमंत्री अपनी तुष्टिकरण की राजनीति के चलते नारे के कारण नाराज हुईं।’’ गौरतलब है कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में ‘जय श्रीराम’ के नारे लगने से नाराज बनर्जी ने संबोधन करने से इनकार कर दिया था। राज्य में राजनीतिक हिंसा के शिकार बने कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के नामों का जिक्र करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार ने डर का माहौल बनाया लेकिन भाजपा, तृणमूल के ‘गुंडो’ का सामना करने के लिए तैयार हैं। 

 

इसे भी पढ़ें: बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद बाहरी लोगों को वापस लौटना होगा: अभिषेक बनर्जी

 

उन्होंने कहा, ‘‘आपको लगता है कि हम तृणमूल कांग्रेस के गुंडों से डर जाएंगे ? वे भाजपा को सत्ता में आने से नहीं रोक सकते। सत्ता में आने पर हम भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या में संलिप्त सभी साजिशकर्ता को जेल भेजेंगे।’’ उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के ‘गुंडो’ ने अब तक 130 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की जान ली है। तृणमूल कांग्रेस में ‘‘वंशवादी राजनीति’’ पर निशाना साधते हुए शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी जनता के लिए काम करने के बजाए अपने भतीजे के कल्याण के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस सरकार की दिलचस्पी केवल भतीजा के कल्याण में है। जनता के कल्याण में उसकी कोई दिलचस्पी नहीं है।’’ शाह ने कहा कि भाजपा सत्ता में आती है तो राज्य में सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल की वित्तीय हालत इतनी खराब है कि राज्य सरकार के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ नहीं मिला। सत्ता में आने पर हम इसे लागू करेंगे। 

प्रमुख खबरें

Adolf Hitler Death Anniversary: दुनिया के सबसे बड़े तानाशाह एडोल्फ हिटलर ने अपने लिए चुनी थी कायरों वाली मौत

Priyanka Gandhi Will Not Contest Elections | प्रियंका गांधी वाड्रा के आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना नहीं है, सूत्रों ने दी जानकारी

Lok Sabha Eections: फर्जी वीडियो को लेकर अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा, कहा- कार्रवाई उनकी हताशा को उजागर करती है

पद्म श्री विजेता Jitender Singh Shunty और उनके बेटे को मिली जान से मारने की धमकी, अलगाववादियों पर आरोप