Amit Shah बोले- Dairy Sector ने बदली महिलाओं की जिंदगी, रोज खाते में आते हैं 200 करोड़ रुपये

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 18, 2026

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि डेयरी क्षेत्र के व्यापक विस्तार से महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है और ‘श्वेत क्रांति 2.0’ से दुग्ध उत्पादकों की आय में और वृद्धि होगी। शाह गांधीनगर जिले के दशीला गांव में स्थित मधुर डेयरी के अत्याधुनिक दूध प्रसंस्करण और पैकेजिंग संयंत्र का उद्घाटन करने के लिए यहां आए थे। यह डेयरी अमूल ब्रांड के तहत गुजरात सहकारी दुग्ध वितरण संघ (जीसीएमएमएफ) से संबद्ध है। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र की प्रगति का सबसे अधिक लाभ महिलाओं को मिला है।

शाह ने कहा, “चार समितियों, 6,000 लीटर दूध और मात्र 7,000 रुपये के कारोबार से शुरू हुई यह यात्रा आज सात लाख करोड़ रुपये के कारोबार तक पहुंच चुकी है। यह हमारी सहकारी व्यवस्था की सबसे बड़ी सफलता है।” उन्होंने कहा कि इस पहल से पशुपालकों की आय बढ़ी है, लेकिन इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि महिलाओं का सशक्तीकरण है। शाह ने कहा कि डेयरी क्षेत्र से महिलाओं के जीवन में गहरा बदलाव आया है और ‘श्वेत क्रांति 2.0’ के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अगले 10 वर्षों में देश के दुग्ध उत्पादन को तीन गुना करने की रणनीति तैयार की है। उन्होंने कहा, “मैं यह कहना चाहूंगा कि अमूल और गुजरात के पूरे डेयरी उद्योग ने वैश्विक प्रौद्योगिकियों को सफलतापूर्वक अपनाकर पशुपालकों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही ऐसा मजबूत तंत्र विकसित किया है, जिससे यह लाभ सीधे महिलाओं के बैंक खातों में पहुंच सके।”

शाह ने कहा कि अमूल और उससे जुड़ी डेयरियों ने विभिन्न मूल्यवर्धित उत्पादों के उत्पादन में उल्लेखनीय प्रगति की है और इन प्रयासों का पूरा लाभ सीधे दुग्ध उत्पादकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा, यह हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया, “गुजरात में इस क्षेत्र से 36 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं और प्रतिदिन तीन करोड़ लीटर दूध के उत्पादन के जरिये हर दिन 200 करोड़ रुपये सीधे इन महिलाओं के खातों में जमा किए जाते हैं।

प्रमुख खबरें

SEBI ने विदेशी निवेशकों को Non-Agri Commodity Derivatives के भौतिक निपटान में दी छूट

तिरुप्परनकुंद्रम दीपम मामले में Supreme Court के अंतरिम आदेश पर CPI(M) ने जताई आपत्ति

Women Reservation: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन से जुड़े नये विधेयक को दी मंजूरी

NCP SP परिसीमन का करेगी समर्थन, जितेंद्र आव्हाड बोले- शरद पवार का फैसला अंतिम