तिरुप्परनकुंद्रम दीपम मामले में Supreme Court के अंतरिम आदेश पर CPI(M) ने जताई आपत्ति

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की तमिलनाडु इकाई के सचिव पी षणमुगम ने शुक्रवार को तिरुप्परनकुंद्रम कार्तिगई दीपम मामले में उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश को ‘‘हैरान करने वाला’’ और ‘‘संघवाद के खिलाफ’’ बताया तथा प्रधान न्यायाधीश से इस मामले पर संज्ञान लेने एवं आदेश में सुधार करने का आग्रह किया। उच्चतम न्यायालय ने अपने पूर्व के आदेश की प्रथमदृष्टया जानबूझकर अवहेलना किए जाने की बात कहते हुए 15 अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किए। इनमें मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के अधिकारी, मदुरै के जिलाधिकारी और मंदिर के पांच न्यासी शामिल हैं।

षणमुगम ने एक बयान में कहा कि अंतरिम आदेश ‘‘न्याय प्रशासन की व्यवस्था के अनुरूप नहीं था।’’बयान में कहा गया, ‘‘जब मामले के मुख्य सवाल का जवाब देने वाला अंतिम फैसला नहीं आया है, तो इतना कठोर अंतरिम आदेश किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है।’’ इस आदेश को ‘‘संघवाद विरोधी’’ बताते हुए माकपा ने कहा, ‘‘निर्वाचित सरकार को दरकिनार कर दिया गया यह आदेश इतिहास में एक गलत मिसाल के रूप में दर्ज होगा। इस अंतरिम आदेश को उच्चतम न्यायालय के न्यायिक प्रशासन के मानदंडों का उल्लंघन माना जाना चाहिए।’’ बयान में कहा गया, ‘‘ऐसे समय में जब सांप्रदायिक संगठन पहले से ही लोगों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं, पहाड़ी पर किसी को भी दीपक जलाने की अनुमति देने संबंधी उच्चतम न्यायालय का बयान तनाव पैदा कर सकता है। यह नहीं भूलना चाहिए कि भारत ने बाबरी मस्जिद विध्वंस की कड़वी घटना देखी है।’’ वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए दीपम मामले में न्यायालय के कड़े निर्देशों को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के ‘‘तानाशाही रवैये और अहंकार’’ पर ‘‘बड़ा प्रहार’’ बताया।

नागेंद्रन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उच्चतम न्यायालय की यह टिप्पणी कि ‘‘तमिलनाडु में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है’’ और ‘‘अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के आदेश पर काम किया’’ मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली सरकार पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने टीवीके सरकार पर हिंदू मंदिरों की परंपराओं और पूजा के अधिकारों को सुनियोजित तरीके से खत्म करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने तमिलनाडु को शर्मसार किया है।

प्रमुख खबरें

SEBI ने विदेशी निवेशकों को Non-Agri Commodity Derivatives के भौतिक निपटान में दी छूट

Women Reservation: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन से जुड़े नये विधेयक को दी मंजूरी

NCP SP परिसीमन का करेगी समर्थन, जितेंद्र आव्हाड बोले- शरद पवार का फैसला अंतिम

Calcutta High Court ने रद्द की बागी MLA ऋतब्रत बनर्जी की नेता प्रतिपक्ष पद पर नियुक्ति