आनंद कौशल की 'हमनशीं'- दिल से निकली ग़ज़लें, इंसानी जज़्बातों का सजीव आईना

By मधुप मणि “पिक्कू” | Jul 29, 2026

हमनशीं आनंद कौशल का पहला ग़ज़ल एवं शायरी संग्रह है। इसे पढ़कर पाठकों को सबसे अच्छी बात यह लगेगी कि इसमें ज़्यादातर ग़ज़ल और शायरी सीधे दिल से निकले हुए लगते हैं। भाषा बिल्कुल आसान है, इसलिए हर ग़ज़ल को आसानी से समझ सकते है। कहीं भी शब्दों में बनावटीपन नहीं दिखता, बल्कि ऐसा महसूस होता है कि शायर ने हर पढ़ने वालों के जीवन के एहसासों को ही शब्दों में ढाल दिया है।

हमनशीं में प्रस्तुत ग़ज़लें संवेदनशील मन, सच्ची मोहब्बत और गहरे मानवीय अनुभवों की बेहतरीन अभिव्यक्ति हैं। शायर ने प्रेम, विरह, इंतजार, तन्हाई और उम्मीद जैसे भावनात्मक विषयों को सहज, सरल और प्रभावशाली शब्दों में प्रस्तुत किया है। ये ग़ज़लें पाठक के मन में भावनात्मक जुड़ाव पैदा करती हैं और अंत तक अपनी छाप छोड़ती हैं। हालाँकि कई ग़ज़लें अपने आप में मिठास लिए हुए है, पर उसमे एक खास ग़ज़ल है –

अपनी उल्फत के वो नगमात मिले,

मिलना चाहा था मगर बीच में दीवार मिले.....

आ के बैठे ही थे महफिल में, के बेजार उठे,

हमसे पहले भी तो, साकी के तलबगार मिले....

माना दुनिया में है खुदगर्ज-ओ-बेवफा ही नहीं,

माना हर गाम पर इन्सां भी खुद्दार मिले

घर से निकले थे वो दामन को बचाकर अपने

उन पर ही इल्जाम के छीटें सरे बाजार मिले

बाद मुद्दत के यह “कौशल” है होश में आये

गो जिंदगानी में ठोकर ही बार-बार मिले

ग़ज़लों की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सादगी है। आशिक का अपनी महबूब को अपनी चाहत पेश करने का जो अंदाज है वह जज्बाती बना देता है। उदाहरण के तौर पर—

"ये करम मुझपर तेरी चाहतों का रहा,

कभी ओंस से बुझी प्यास तो कभी दरिया ने भी प्यासा रखा।"

यह शायरी प्रेम की विडंबना और जीवन के विरोधाभासों को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करता है। 'ओस' और 'दरिया' जैसे बिंबों का प्रयोग ग़ज़ल को सौंदर्य और गहराई प्रदान करता है।

इसी प्रकार—

"तुझे हासिल करने की ऐसी ज़िद रही,

तुझे खो कर भी पाने की उम्मीद रही।"

यहाँ शायर अपने मर्म को ऐसे पेश करता है जैसे लगता है प्रेम की दृढ़ता, समर्पण और आशा का अत्यंत मार्मिक चित्रण हो। वहीं, "तन्हाइयों" और "यादों" का उल्लेख रचना को भावनात्मक विस्तार देता है। सहज भाषा, लयपूर्ण अभिव्यक्ति आम पाठकों के लिए भी पठनीय है। कठिन शब्दों या अलंकरणों के बजाय स्वाभाविक अभिव्यक्ति को महत्व दिया गया है, जिससे ग़ज़लें सीधे हृदय तक पहुँचती हैं। शायर की संवेदनशील दृष्टि और भावों की ईमानदारी इन रचनाओं को विशेष बनाती है।

“जला रखा हूँ दीपक तेरे आने की चाहत लिए,

जलाना दिल न पड़े, तेरे न आने की सूरत में....”

आनंद कौशल का यह ग़ज़ल-शायरी-संग्रह प्रेम-विरह, इंतज़ार-मिलन, साथ-तन्हाई और वफ़ा-बेवफ़ाई जैसी मानवीय संवेदनाओं को बेहद सहज और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है। प्रस्तुति की इतनी सरल भाषा है, जो सीधे पाठक के दिल तक पहुँचती है। आम तौर पर मेरा व्यक्तिगत अनुभव के कि सरल भाषा में भावपूर्ण और जज्बाती शायरी लिखना बहुत कठिन होता है।

“अश्कों को दामन में छिपाये बैठा सारी रात,

शहरों को यूँ वीरानियों में डूबते देखा था...”

प्रत्येक शेर में अनुभवों की गहराई और भावनाओं की सच्चाई झलकती है, जिससे पाठक स्वयं को इन रचनाओं से जुड़ा हुआ महसूस करता है। यही कारण है कि यह संग्रह केवल साहित्य-प्रेमियों ही नहीं, बल्कि नए पाठकों को भी आकर्षित करने की क्षमता रखता है।

आनदं कौशल ने अपनी हमनशीं में सिर्फ मोहब्बत, जुदाई, वफ़ा का हीं जिक्र नहीं किया है. उन्होंने वर्तमान सामाजिक और राजनितिक परिस्थितयों पर भी चोट की है।

मुश्किलें हज़ार हैं दो जून रोटी की जुगाड़ में.....,

कितनी उम्मीदों को हर रोज देखता हूँ कबाड़ में....”

और

“ये राजनीति का चरित्र है.....

बोल और कृत्य विचित्र है.....”

समग्र रूप से यह संग्रह प्रेम और जीवन की भावनाओं का सुंदर दस्तावेज़ है। आनंद कौशल की लेखनी संवेदनाओं को शब्दों का ऐसा रूप देती है, जो पाठक के मन पर गहरी छाप छोड़ती है। यह संग्रह समकालीन हिंदी-उर्दू शायरी के पाठकों के लिए एक सराहनीय और पठनीय कृति कही जा सकती है।

अगर आप आसान भाषा में दिल को छू लेने वाली शायरी पढ़ना पसंद करते हैं, तो यह किताब आपको ज़रूर अच्छी लगेगी। उम्मीद है कि शायरी पसंद करने वाले हर पाठक को इसमें अपने मन के भाव कहीं न कहीं ज़रूर मिलेंगे। आनंद कौशल जी को उनकी मर्मस्पर्शी कृति (हमनशीं) के लिए बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।

मधुप मणि “पिक्कू”

पत्रकार, लेखक सह महासचिव, डब्ल्यूजेएआई

प्रमुख खबरें

BJP Minority Morcha का Gen-Z पर फोकस, Kalam-Modi विजन से युवाओं को जोड़ेगा एकता मार्च

Iran vs USA: अगर फ्रीज संपत्ति का हुआ इस्तेमाल तो Strait of Hormuz में जहाजों को रोकेगा ईरान

ईरान को डोनाल्ड ट्रंप की खुली चेतावनी, एक घंटे में उड़ा दूंगा पुल, Power Plants भी होंगे निशाना

खुशी से गदगद Saransh Jain! Indian Test Team में चुने जाने पर बोले: Indore को गौरवान्वित करेंगे