By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 22, 2026
अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं और सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। दीपोत्सव के लिए घाटों की साफ-सफाई के बाद दीप सजाने के लिए निशान लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी (दीपोत्सव) संत शरण मिश्र ने बताया कि दीपों की सजावट के लिए 30 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 33 लाख दीप मंगाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें लाने और सजावट के दौरान टूटने वाले दीपों की कमी न हो।
अधिकारियों ने बताया कि दीप सज्जा और प्रज्ज्वलन के लिए अवध विश्वविद्यालय करीब 35 हजार स्वयंसेवक तैनात करेगा। उन्होंने बताया कि इनमें विभिन्न डिग्री और इंटर कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल होंगे और स्वयंसेवकों को घाटवार जिम्मेदारी सौंपी जाएगी जिसके लिये उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, स्वयंसेवकों की पहचान के लिए क्यूआर कोड वाले पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, जिनमें नाम, फोटो, मोबाइल नंबर और तैनाती स्थल जैसी जानकारियां होंगी।
अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन दीपों की व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती तथा सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।