By Ankit Jaiswal | Nov 02, 2026
फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो सोमवार को एएफसी चैंपियंस लीग के मुकाबले में मैदान पर नजर नहीं आएंगे। सऊदी अरब के क्लब अल नास्र ने उज्बेकिस्तान के ताशकंद में पख्ताकोर के खिलाफ होने वाले मैच के लिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया है। कोच आंगे पोस्टेकोग्लू ने व्यस्त कार्यक्रम और लगातार यात्रा के कारण रोनाल्डो समेत 3 प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देने का फैसला किया है। फ्रांस के किंग्सले कोमान और डिफेंडर मोहम्मद सिमाकन को भी इस मुकाबले से बाहर रखा गया है।
अल नास्र की नजरें पहली बार एशियाई चैंपियन बनने पर हैं, लेकिन इस सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। 32 टीमों वाली प्रतियोगिता के पश्चिमी क्षेत्र की अंक तालिका में क्लब फिलहाल 9वें स्थान पर है। इस क्षेत्र में खेलने वाले 5 सऊदी क्लबों में अल नास्र की स्थिति सबसे नीचे है। टूर्नामेंट में पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र की अलग-अलग अंक तालिकाएं बनाई गई हैं। दोनों क्षेत्रों की शीर्ष 8 टीमें नॉकआउट दौर में जगह बनाएंगी। खराब शुरुआत के बावजूद पोस्टेकोग्लू का मानना है कि टीम अब बेहतर स्थिति में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि सीजन की शुरुआत में तैयारी और खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर कुछ मुश्किलें थीं, लेकिन अब टीम अच्छी लय में है।
रोनाल्डो पिछले सप्ताह अल नास्र के एक और एशियाई मुकाबले में भी नहीं खेल पाए थे। संयुक्त अरब अमीरात के क्लब अल वस्ल ने रियाद जाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद एशियाई फुटबॉल परिसंघ ने मुकाबला स्थगित कर दिया। सुरक्षा को लेकर चिंता के कारण अल नास्र के घरेलू मैचों पर भी असर पड़ा है। 12 अक्टूबर को प्रतियोगिता में उसका पिछला घरेलू मुकाबला मिसाइल हमलों की खबरों के बाद करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ था। इन हमलों के पीछे यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का नाम सामने आया था।
इस हालात ने अगले साल सऊदी अरब में होने वाले एशियाई कप को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यह टूर्नामेंट 7 जनवरी से शुरू होना है। जापान फुटबॉल संघ के अध्यक्ष त्सुनेयासु मियामोतो ने सुरक्षा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा है कि मौजूदा हालात में वहां प्रतियोगिता कराना आसान नहीं दिखता। वहीं, एशियाई फुटबॉल परिसंघ के अध्यक्ष शेख सलमान बिन इब्राहिम अल खलीफा ने कहा है कि संगठन नवंबर के अंत तक हालात पर नजर रखेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर टूर्नामेंट को एक साल आगे बढ़ाकर 2028 में कराया जा सकता है। हालांकि, सऊदी आयोजकों का कहना है कि तैयारियां तय कार्यक्रम के अनुसार जारी हैं। पिछले सप्ताह सभी मुकाबलों के समय और आयोजन स्थलों को भी अंतिम रूप दिया गया है।
इस बीच एशिया के दूसरे बड़े क्लब भी अपने मुकाबलों की तैयारी कर रहे हैं। पिछले 2 बार के एशियाई चैंपियन अल अहली की टीम पश्चिमी क्षेत्र में तीसरे स्थान पर है और उसे कतर के अल साद के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर खेलना है। शुक्रवार को अल अहली को अपने घरेलू मुकाबले में 1-6 से हार मिली थी। हालांकि, अगले मैच में इंग्लैंड के स्ट्राइकर इवान टोनी की वापसी की उम्मीद है। टोनी इस सीजन में लीग के 13 गोल कर चुके हैं। पिछले सप्ताह वह लंदन में एक मामले की सुनवाई के लिए गए थे, जहां उन्होंने मारपीट के आरोप से इनकार किया।
दूसरी ओर, अल हिलाल ने सऊदी प्रो लीग में लगातार पांचवीं जीत दर्ज कर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। इंग्लैंड के फॉरवर्ड ओली वॉटकिंस ने भी इस जीत में गोल किया। 4 बार की एशियाई चैंपियन अल हिलाल का अगला महाद्वीपीय मुकाबला संयुक्त अरब अमीरात के क्लब शबाब अल अहली से होगा। यह मैच तय कार्यक्रम के अनुसार होने की उम्मीद है, लेकिन क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति और एशियाई कप पर इसके असर को लेकर चिंता बनी हुई है।