By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
असम सरकार ने मंगलवार को आयुष्मान असोम स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू करने के लिए 200 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी। कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस फैसले से राज्य के 40 लाख से अधिक परिवारों को निर्बाध तरीके से स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलता रहेगा।
शर्मा ने कहा, “कैबिनेट ने आयुष्मान असम योजना को लागू करने के लिए 200 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस पहल का उद्देश्य लोगों को लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देना और राज्य की स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।” इसके अलावा, शर्मा ने कहा, “कैबिनेट ने समग्र शिक्षा अभियान के कर्मचारियों की मृत्यु होने पर उनके परिवारों को दी जाने वाली एकमुश्त अनुग्रह राशि बढ़ाने की मंजूरी दी है।” उन्होंने बताया कि यह राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर साढ़े सात लाख रुपये कर दी गई है, जिससे मृत कर्मचारियों के परिवारों को पहले से अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी।