By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026
गुवाहाटी, चार नवंबर असम पुलिस ने ‘म्यूल’ बैंक खातों के जरिये राज्य से संचालित एक वित्तीय धोखाधड़ी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने यह जांच की है और इस नेटवर्क के तार पाकिस्तानी खुफिया अभियानों से जुड़े होने का संदेह है।
पेगू ने कहा, एक महिला के बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन का पता चला था, जिसमें पैसा जमा होते ही तुरंत निकाल लिया जाता था। दो अन्य लोग भी इन खातों से जुड़े पाए गए। उन्होंने बताया कि इन तीनों संदिग्धों को 28 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद अगले दिन एक और गिरफ्तारी हुई।
इसके बाद 30 अक्टूबर को दो और लोगों को पकड़ा गया, जिससे गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या छह हो गई। पेगू ने बताया कि एसटीएफ ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि यह गिरोह पिछले दो सालों से देश के अलग-अलग हिस्सों में धोखाधड़ी का यह नेटवर्क चला रहा था, जबकि इसके मुख्य साजिशकर्ता असम से बाहर से काम कर रहे थे।
म्यूल खाते ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी या धोखाधड़ी करने वाले लोग अवैध धन को एक जगह से दूसरी जगह भेजने और उसके स्रोत को छिपाने के लिए करते हैं।