PM Modi संग बहस की चुनौती पर बोले Rahul Gandhi, पांच मिनट में साबित कर दूंगा आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026

संगरूर/नयी दिल्ली, चार नवंबर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि यदि मोदी उनके साथ बहस करते हैं तो वह पांच मिनट में साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री “देशद्रोही” हैं और वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इशारे पर काम करते हैं। गांधी ने संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि प्रधानमंत्री चाहे तो बहस के लिए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत या फिर उद्योगपति गौतम अदाणी को जज बना सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस नेताओं को देशद्रोही कहते हैं।

कोई फर्क नहीं पड़ता। आप बस मेरे सामने आकर बैठ जाइए।’’ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का कहना था, “मैं देश को गारंटी देता हूं कि नरेन्द्र मोदी मेरे सामने आकर बैठ नहीं सकते। उनके सारे नेता कह रहे हैं कि संसद में चर्चा करिये, लेकिन संसद में आप लोग मेरा माइक बंद कर देते हैं और मुझे बोलने नहीं देते हैं।” उन्होंने दावा किया, “आप (भाजपा नेता) नरेन्द्र मोदी को मेरे सामने बैठने के लिए कहिए।

मैं आपको गारंटी देता हूं कि पांच मिनट में साबित कर दूंगा कि नरेन्द्र मोदी देशद्रोही हैं और मोदी को डोनाल्ड ट्रंप नियंत्रित करते हैं।” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के साथ पांच मिनट में व्यापार समझौता कर लिया और ट्रंप की ओर से धमकी दिए जाने पर भारत के किसानों, छोटे व्यापारियों के हितों और देश का डेटा तक उनके हवाले कर दिया। गांधी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बार-बार दावा करते हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस पर कुछ नहीं बोलते। उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते और उद्योगपति गौतम अदाणी के खिलाफ अमेरिका में चल रहे मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि समझौते के बाद ट्रंप ने अमेरिका में अदाणी के खिलाफ मामला बंद करवा दिया।

गांधी ने कहा, ‘‘इससे बड़ा सबूत क्या हो सकता है। मोदी जी, डरिए मत, आ जाइए, बहस करते हैं। मैं दूध का दूध, पानी का पानी कर दूंगा।’’ बाद में राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का एक वीडियो साझा किया जिसमें वह हारमोनियम की धुन पर कहीं नहीं जाएंगे मोदी गाते नजर आ रहे हैं इसको लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कटाक्ष किया, मोदी जी कहीं नहीं जाएँगे, बस डिबेट में आएँगे।

73 प्रतिशत युवाओं ने बुलाया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक सर्वेक्षण वाला पोस्ट डाला था जिसमें सवाल किया गया था कि क्या आप राहुल गांधी बनाम नरेंद्र मोदी की बहस चाहते हैं? 73 प्रतिशत लोगों ने बहस के समर्थन में अपना मत दिया है।

उन्होंने सोमवार और मंगलवार को भी प्रधानमंत्री मोदी को सीधी बहस की चुनौती दी थी। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता किरेन रीजीजू ने मंगलवार को गांधी पर पलटवार करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था, ‘‘शीर्ष स्तर की बहस परिपक्व लोगों के बीच होती है।’’ दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि जब देश बाहरी चुनौतियों का सामना कर रहा था, तब देश के भीतर कुछ ताकतें झूठ और अफवाह फैलाकर अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रही थीं।

प्रमुख खबरें

Delhi Traffic Advisory | आज शाम इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास रहेंगे कड़े ट्रैफिक प्रतिबंध, जानें किन रास्तों से बचें

Punjab Stubble Burning | पंजाब में पराली जलाने के बढ़ते मामलों पर CAQM सख्त, 12 जिलों के DC और SSP के साथ समीक्षा बैठक

उत्तराखंड में Land Monetisation पर विवाद, सरकार ने कहा चुनिंदा भूखंडों से बढ़ेगा राजस्व

Assam STF ने 300 म्यूल बैंक खातों से जुड़े वित्तीय धोखाधड़ी नेटवर्क में छह लोगों को पकड़ा