By अभिनय आकाश | Jul 15, 2024
आतंकवाद को पनाह देने वाला पाकिस्तान अब उसी का शिकार हो रहा है। पाकिस्तान की सेना पर आतंकवादियों ने बड़ा प्रहार किया है। पाकिस्तान के बन्नू इलाके से ये खबर सामने आई है। बन्नू इलाके में सेना का कैंट एरिया है। सेना के कैंट पर आतंकियों ने हमला किया है। बताया जा रहा है कि सेना के हेलीकॉप्टर को भी आतंकवादियों ने मार गिराया है। आतंकवादियों के हमले में पाकिस्तानी सेना के 17 सैनिक मारे गए हैं। जिनमें दो मेजर और 2 कैप्टन रैंक के अधिकारी शामिल थे। अब देखना होगा कि कौन सा आतंकी संगठन इस हमले की जिम्मेदारी लेता है। क्या तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान इसके पीछे है या फिर कोई और संगठन इसके पीछे है। पाकिस्तान में एक-दो संगठन ऐसे नहीं हैं। पाकिस्तान में न जाने कितने ऐसे संगठन हैं जो आतंकवाद को पाल पोस रहे हैं। लेकिन जिस जहर के पेड़ को पाकिस्तान ने बोया है, उसके परिणाम पाकिस्तान को झेलने पड़ रहे हैं।
सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज द्वारा जारी एक वार्षिक सुरक्षा रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में 2023 में 789 आतंकी हमलों और आतंकवाद विरोधी अभियानों में हिंसा से संबंधित 1,524 मौतें हुईं और 1,463 घायल हुए जो छह साल का रिकॉर्ड उच्चतम स्तर है। केपी और बलूचिस्तान हिंसा के प्राथमिक केंद्र थे, जहां 90 प्रतिशत से अधिक मौतें हुईं और 84 प्रतिशत हमले हुए, जिनमें आतंकवाद और सुरक्षा बलों के ऑपरेशन की घटनाएं भी शामिल थीं।