बाबा सिद्दीकी की मौत अस्पताल में भर्ती होने से पहले ही हो गयी थी: चिकित्सक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 13, 2024

मुंबई के लीलावती अस्पताल के एक चिकित्सक ने कहा है कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की मौत संभवतः अस्पताल में भर्ती कराए जाने से पहले ही हो गयी थी। सिद्दीकी को गोली लगने के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी (66) को शनिवार रात मुंबई के बांद्रा इलाके के खेर नगर में उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन लोगों ने गोली मार दी। उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शनिवार रात को घटना के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा, “उनकी छाती में सामने की तरफ दो गोलियां लगी थीं। बहुत खून बह चुका था और जब उनके परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल लेकर आए तो वह बेहोश थे।”

यह पूछे जाने पर कि क्या बाबा सिद्दीकी की मृत्यु अस्पताल लाये जाने से पहले ही हो गई थी, चिकित्सकों में से एक ने कहा, “यह संभव है। जब उन्हें लाया गया तो उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। वह बेहोश थे। हमने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन शनिवार रात 11.27 बजे सिद्दीकी को मृत घोषित कर दिया गया।”

चिकित्सकों ने बताया कि उन्होंने उनकी जान बचाने के लिए करीब दो घंटे तक कोशिश की। उन्होंने कहा कि राकांपा नेता को पहले इमरजेंसी वार्ड ले जाया गया और बाद में आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दिल में कोई गतिविधि नहीं हो रही थी।

राकांपा नेता को अन्य चोटें भी लगी होने के बारे में चिकित्सकों ने कहा कि पोस्टमार्टम से घावों की सही संख्या और प्रकृति का पता चलेगा। उन्होंने कहा, “हमारे पास यह जांचने का समय नहीं था कि गोली लगने से कितने घाव हुए हैं। पोस्टमॉर्टम से आगे की जानकारी मिलेगी।

प्रमुख खबरें

क्या कुंवारी कन्याएं रख सकती हैं Mangla Gauri Vrat? जानें मनचाहा वर पाने के लिए Marriage Tips और नियम

Indian Stock Market Update | सेंसेक्स 493 अंक चढ़कर 79,132 पर खुला, निफ्टी में मामूली गिरावट; FII और DII ने जारी रखी खरीदारी

Kanwar Yatra Clash VIDEO | मेरठ में NH-58 पर कांवड़ियों के दो गुटों के बीच मारपीट: सड़क हादसे के बाद चले लाठी-डंडे, पुलिस ने वायरल दावों को बताया फर्जी

USD INR दर में शुरुआती कारोबार में मामूली तेजी, तीन पैसे मजबूत होकर 95.34 पर पहुंचा रुपया