बाबा सिद्दीकी की हत्या शर्मनाक और चौंका देने वाली है: राकांपा (शरदचंद्र पवार)

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 13, 2024

महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और कांग्रेस ने रविवार को कहा कि पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या राज्य के लिए चौंकाने वाली और शर्मनाक है। उन्होंने दावा किया कि मुंबई में अराजकता व्याप्त है।

पाटिल ने एक बयान में कहा कि राज्य में इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ने पुलिस थाने में गोलीबारी की थी, जबकि एक पूर्व पार्षद की ‘फेसबुक लाइव’ प्रसारण के दौरान हत्या कर दी गई थी।

कांग्रेस ने सिद्दीकी की हत्या को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के इस्तीफे की मांग की। मुंबई में बांद्रा के खेर नगर इलाके में बाबा सिद्दीकी के बेटे एवं विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे तीन लोगों ने उन्हें गोली मार दी थी। उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

इस घटना के बाद विपक्ष महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल उठा रही है। पाटिल ने कहा कि सिद्दीकी की हत्या राज्य के लिए “चौंकाने वाली और शर्मनाक” है।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार जारी हैं, जबकि पुणे जैसे शहर में गैंगवार आम बात हो गई है। यह साफ हो गया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। अगर सत्तारूढ़ गठबंधन का नेता ही सुरक्षित नहीं है तो सरकार आम आदमी को कैसे सुरक्षित रख सकती है?’’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सिद्दीकी का दुखद निधन चौंका देने वाला है, जिसे शब्दों में भी बयां नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा, ‘‘दुःख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। उनके परिवार को न्याय मिलना चाहिए और वर्तमान महाराष्ट्र सरकार को इस घटना की गहन और पारदर्शी जांच का आदेश देना चाहिए। दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। जवाबदेही सर्वोपरि है।’’

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने दावा किया कि सिद्दीकी की हत्या से पता चलता है कि ‘‘मुंबई में पूरी तरह अराजकता व्याप्त है।’’ उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कानून का राज खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।’’

शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि सिद्दीकी पूर्व मंत्री और तीन बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि क्या मुंबई में कोई कानून-व्यवस्था बची है।

प्रमुख खबरें

क्या कुंवारी कन्याएं रख सकती हैं Mangla Gauri Vrat? जानें मनचाहा वर पाने के लिए Marriage Tips और नियम

Indian Stock Market Update | सेंसेक्स 493 अंक चढ़कर 79,132 पर खुला, निफ्टी में मामूली गिरावट; FII और DII ने जारी रखी खरीदारी

Kanwar Yatra Clash VIDEO | मेरठ में NH-58 पर कांवड़ियों के दो गुटों के बीच मारपीट: सड़क हादसे के बाद चले लाठी-डंडे, पुलिस ने वायरल दावों को बताया फर्जी

USD INR दर में शुरुआती कारोबार में मामूली तेजी, तीन पैसे मजबूत होकर 95.34 पर पहुंचा रुपया