बैंक, आईटी शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी, 996 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी 9,310 अंक के पार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 27, 2020

मुंबई। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स बुधवार को 996 अंक बढ़कर 31,600 अंक से ऊपर पहुंच गया। मासिक वायदा एवं विकल्प अनुबंधों के निपटान से पहले बैंक और सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में जोरदार लिवाली से बाजार में तेजी का रुख रहा। बाजार सूत्रों के मुताबिक विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने और वैश्विक बाजारों से मजबूती के संकेत मिलने से बाजार में खरीदारी का अच्छा माहौल रहा। दिन में कारोबार के दौरान बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक 31,660.60 अंक की ऊंचाई को छूने के बाद अंत में 995.92 अंक यानी 3.25 प्रतिशत बढ़कर 31,605.22 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 प्रमुख शेयरों वाला निफ्टी 285.90 अंक यानी 3.17 प्रतिशत बढ़कर 9,314.95 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक सर्वाधिक 13 प्रतिशत से अधिक लाभ में रहा। आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयरों में भी अच्छी बढ़त रही। इसके विपरीत सन फार्मा, अल्ट्रो टेक सीमेंट, टाइटन और एशियन पेंट्स के शेयरों में 1.85 प्रतिशत तक की गिरावट रही। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि कोविड- 19 को लेकर चिंता बरकरार रहने के बावजूद बाजार भागीदारों ने मई माह के वायदा एवं विकल्प अनुबंधों की निपटान तिथि नजदीक देखते हुये शेयरों की खरीद बढ़ा रखी थी। इससे सूचकांक में तेजी का रुख रहा। विदेशी बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। कारोबारियों का मानना है कि संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बावजूद इस सप्ताह लॉकडाउन 4.0 के समाप्त होने के बाद स्थिति धीरे धीरे सामान्य होने की तरफ लौट रही है। विदेशी कोषों के मजबूत प्रवाह से भी कारोबारियों में उत्साह देखा गया।विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने मंगलवार को 4,716.13 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की।

इसे भी पढ़ें: 6 महीने के लिए EMI टालना पड़ सकता है महंगा, अपना लोन चुकाते रहे

टोक्यो और सिओल के बाजार लाभ में बंद हुये। शंघाई और हांग कांग में गिरावट रही। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 0.91 प्रतिशत घटकर 35.84 डालर प्रति बैरल पर रहा। वहीं मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया 5 पैसे नरम पड़कर 75.71 रुपये प्रति डालर पर रहा। बहरहाल, भारत में कोरोना वायरस संक्रमित लोगों का आंकड़ा डेढ लाख को पार करता हुआ 1,51,767 तक पहुंच गया है जबकि अब तक 4,337 लोगों की मौत हो चुकी है।वहीं दुनियाभर में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 55.89 लाख तक पहुंच चुकी है और 3.50 लाख के करीब लोग इस बीमारी से अब तक मर चुके हैं।

प्रमुख खबरें

ओडिशा के जाजपुर में BJD पदयात्रा पर हमला, पूर्व विधायक ने दर्ज कराई शिकायत

Congress नेता Aradhana Mishra का UP सरकार पर आरोप, राज्य में महिलाएं और बच्चियां असुरक्षित

Delhi में British Liquor पर घटेगा Customs Duty, 15 प्रतिशत तक सस्ती हो सकती है Scotch

Asian Games में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने दी बधाई