By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 08, 2026
भारतीय टीम को हाल के दिनों में एक के बाद एक चोटों की समस्या से जूझना पड़ रहा है इसलिए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया रविवार को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (सीओई) में क्रिकेट प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण से मुलाकात करेंगे और खिलाड़ियों के ‘रिहैबिलिटेशन’ तथा चोट से उबरने की प्रक्रिया का जायजा लेंगे। भारत को जसप्रीत बुमराह (घुटने में सूजन), बी साई सुदर्शन (बाएं पैर के अंगूठे में चोट), हर्षित राणा (मांसपेशियों में खिंचाव), नीतिश कुमार रेड्डी (मांसपेशियों में खिंचाव) और वॉशिंगटन सुंदर (जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव) की अलग-अलग चोटों के कारण उनकी सेवाएं नहीं मिलेंगी। आकाश दीप (स्ट्रेस फ्रैक्चर) सबसे लंबे समय से टीम से बाहर हैं।
सुदर्शन और बुमराह को फिटनेस के अधीन टीम में शामिल किया गया था, लेकिन सीओई के विशेषज्ञों की टीम ने व्यापक स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने का फैसला किया। बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, ‘‘हां, सचिव सैकिया स्थिति का जायजा लेने के लिए वीवीएस लक्ष्मण के साथ बेंगलुरु में होंगे। दोनों के बीच एक बैठक तय है।
यह अभी पता नहीं है कि राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर या चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर ऑनलाइन इस बैठक में शामिल होंगे या नहीं। इतने सारे कयासों के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सैकिया और लक्ष्मण मीडिया के कुछ सवालों का सामना कर उनके जवाब दे पाते हैं। ’’ ऐसी भी खबरें हैं कि सीओई और मौजूदा चयन समिति खिलाड़ियों की चोट के प्रबंधन और उनकी वापसी की समयसीमा को लेकर हमेशा एकमत नहीं रहे हैं।
कुछ खिलाड़ियों को सभी फिटनेस मानकों पर पूरी तरह खरा उतरने से पहले ही ‘रिलीज’ किए जाने की बात भी सामने आई है। हर्षित राणा के इंग्लैंड पहुंचने के समय उनका वजन काफी अधिक होने का मामला भी चयन समिति को पसंद नहीं आया है। इसी तरह, चयन समिति को शुरुआत में बताया गया था कि बुमराह और सुदर्शन कम से कम दो टेस्ट मैच में से एक के लिए उपलब्ध रहेंगे।
हालांकि, स्थिति स्पष्ट होने के बाद पता चला कि चोट के बाद बुमराह के घुटने में सूजन (वॉटर रिटेन्शन) हो रही है जिसके कारण उन्हें ठीक होने में अधिक समय लगेगा। सुदर्शन के मामले में वह कुछ समय तक रोजाना 75 मिनट बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन उनके पैर के बड़े अंगूठे में दर्द अब भी बना हुआ है। नीतिश रेड्डी ने अपनी गेंदबाजी की गति में लगभग सात से आठ किमी प्रति घंटे की बढ़ोतरी करने की कोशिश की, जिससे उनकी ‘हैमस्ट्रिंग’ और ‘क्वाड्रिसेप्स’ पर असर पड़ा और वह चोटिल हो गए।