विपक्ष मुझे बदनाम करने और Punjab को फिर लूटने की ताक में: Bhagwant Mann

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 07, 2026

बठिंडा, छह सितंबर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को विपक्षी नेताओं पर उन्हें बदनाम करने की कोशिश करने और ‘‘वर्षों तक अपना खजाना भरने के बाद एक बार फिर पंजाब को लूटने’’ का मौका तलाशने का आरोप लगाया। बठिंडा के घुड्डा गांव में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दावा किया कि विपक्ष इस बात से परेशान है कि उनकी सरकार लोगों के कल्याण पर पैसा खर्च कर रही है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि दोनों पूर्व सहयोगी एक बार फिर गठबंधन की ओर बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ‘‘काले कृषि कानूनों’’ के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान शहीद हुए पंजाब के 700 से अधिक किसानों के खून से भाजपा के हाथ रंगे हैं और पंजाब की जनता इसे कभी नहीं भूलेगी। कांग्रेस के रिकॉर्ड की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि ‘‘इसी पार्टी ने श्री अकाल तख्त साहिब में टैंक भेजे थे।’’ मान ने आरोप लगाया कि पंजाब में सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में फैले नशे के खतरे को रोकने के लिए कुछ नहीं किया और बेअदबी की घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने में भी विफल रही। शिअद पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि अकाली दल सत्ता में लौटने के लिए भाजपा के साथ गठबंधन की ‘‘भीख मांग रहा है’’ और इस गठबंधन के पीछे न कोई विचारधारा है, न पंजाब के लिए दृष्टिकोण और न ही लोगों की चिंता।

शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर कटाक्ष करते हुए मान ने दावा किया कि वह जीवनभर सुख-सुविधाओं से घिरे सुरक्षित माहौल में रहे हैं और पंजाब की जमीनी हकीकत नहीं समझते। उन्होंने कहा कि बादल को राज्य की बुनियादी भौगोलिक जानकारी तक नहीं है और किसानों की समस्याओं की भी उन्हें बहुत कम जानकारी है। कांग्रेस में ‘‘अंदरूनी कलह’’ पर तंज कसते हुए मान ने कहा कि कांग्रेस नेता सत्ता के लिए आपस में लड़ रहे हैं, जबकि राज्य सरकार लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

प्रमुख खबरें

Varanasi में Ganga का जलस्तर घटा, लेकिन निचले इलाकों में अब भी जलभराव

South Delhi के सत्य निकेतन में 5 मंजिला PG इमारत ढहने से 5 की मौत

Delhi Airport पर दोहा से आए यात्रियों से 47 लाख के सोने-चांदी के सिक्के जब्त

Punjab Cabinet ने High Court के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति अधिसूचना पर जताया कड़ा विरोध