राष्ट्रपति पद से विदाई के बाद कैलिफोर्निया के लिए रवाना हुए Biden, कहा: ‘लड़ाई नहीं छोड़ने वाले’

By Prabhasakshi News Desk | Jan 21, 2025

वाशिंगटन । अमेरिका के राष्ट्रपति पद से विदा होने वाले जो बाइडन अपने 50 साल से अधिक लंबे राजनीतिक जीवन को फिलहाल के लिए विराम देते हुए परिवार संग निजी जीवन व्यतीत करने के मकसद से सोमवार को कैलिफोर्निया के लिए रवाना हो गए। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने वादा किया कि ‘हम मैदान छोड़ने वाले नहीं हैं’। बाइडन ने अपने उत्तराधिकारी और रिपब्लिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस उद्घाटन भाषण के बाद काफी देर तक बात नहीं की, जिसमें उन्होंने अपने पूर्ववर्ती सरकार की ओर से लिए गए कई फैसलों को ‘पूरी तरह से पलटने’ का संकल्प लिया।

इसके बाद दोनों एक लिमोसिन में सवार हुए और फिर ट्रंप ने अमेरिका के 47 वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। ट्रंप ने बाइडन प्रशासन के काम के बारे में कहा, ‘‘हमारा हालिया चुनाव एक भयानक विश्वासघात को पूरी तरह से पलटने के लिए जनादेश है।’’ बाइडन आगे की पंक्ति में भावहीन बैठे थे और सब सुन रहे थे। जैसे ही ट्रम्प ने अपना संबोधन आरंभ किया, व्हाइट हाउस कर्मचारी काम पर लग गए। उन्होंने बाइडन के शेष बचे सामान को हटाना शुरू कर दिया ताकि वे ट्रंप और उनके परिवार को अंदर ले जा सकें। प्रेस कार्यालयों की दीवारें, जो सुबह तक खाली थी, दोपहर होते-होते ट्रंप की ताजा तस्वीरों से सज गईं।

संबोधन के बाद नए राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी पत्नी बाइडन की तरफ गए और उनसे मिले, जो एक हेलीकॉप्टर से संयुक्त बेस एंड्रयूज जाने की तैयारी में थे ताकि वह कर्मचारियों के साथ विदाई कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकें। बाइडन ने कर्मचारियों से कहा, ‘‘हमने जो भी किया... आपके बिना कुछ भी नहीं कर सकते थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी राष्ट्रपति उस क्षण को नहीं चुन सकता है जब इतिहास बनता है लेकिन उसे उस टीम को चुनने का मौका मिलता है जिसके साथ वह इतिहास बनाता है और हमने दुनिया की सबसे अच्छी टीम को चुना।’’ बाइडन ने कर्मचारियों से संपर्क में बने रहने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘हम कार्यालय छोड़ रहे हैं। हम लड़ाई नहीं छोड़ रहे हैं।’’ वह ट्रंप के भाषण का मजाक उड़ाते हुए भी दिखे और हंसते हुए कहा, ‘‘हमने आज शपथ ग्रहण में उनका भाषण सुना। हमें बहुत कुछ करना है।’’ इसके बाद बाइडन ने ‘क्रॉस’ का चिह्न बनाया और फिर सभी हंस पड़े। तत्पश्चात बाइडन और उनकी पत्नी नीले और सफेद रंग के विमान में कैलिफोर्निया के सांता यनेज़ के लिए निकल पड़े, जहां उन्होंने परिवार के साथ आराम करने की योजना बनाई है।

प्रमुख खबरें

Cabinet ने Lithium और Nickel प्रोसेसिंग के लिए 2,814 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की

Diwali पर Festive Food Anxiety से बचें, Blood Sugar कंट्रोल रखने के आसान तरीके

Kanika Kapoor का बड़ा फैसला, पति Gautam Hathiramani से शादी के चार साल बाद हुईं अलग

दिल्ली में BS-4 वाहनों पर पाबंदी के बाद NCR में CNG kit लगवाने की मांग 50% बढ़ी