बिहार चुनाव को लेकर बीजेपी ने कसी कमर, अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बनाया ये प्लान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 30, 2020

नयी दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को बिहार के पार्टी सांसदों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तैयारियों और रणनीतियों को लेकर मंथन किया और उन्हें सितम्बर महीने में 60 ग्राम पंचायतों का दौरा करने का निर्देश दिया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नड्डा ने बिहार के सभी सांसदों को पूरे सितम्बर महीने में अपने संसदीय क्षेत्र से इतर दो ग्राम पंचायतों का प्रत्येक दिन दौरा करने का निर्देश दिया है। सांसदों को इस दौरान न सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों में जुटना है बल्कि मतदाताओं और प्रबुद्ध नागरिकों को केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों से अवगत भी कराना है।

इसे भी पढ़ें: बिहार में एक से 21 सितंबर के बीच 100 स्थानों पर डिजिटल बैठक करेगी कांग्रेस

सांसदों के अलावा भाजपा महासचिव व बिहार के प्रभारी भूपेंद्र यादव भी बैठक में शामिल थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नड्डा ने सभी सांसदों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को व्यापक स्तर पर मनाने और अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने को कहा है। 17 सितम्बर को मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा दिवस के रूप में मनाती है। पार्टी सांसदों को इसी प्रकार 25 सितम्बर को भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाने को कहा गया है। सांसदों को 27 सितम्बर को प्रधानमंत्री मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘‘मन की बात’’ भी गांवों में पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन के बीच सुनने का निर्देश दिया गया है। नड्डा ने सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें न सिर्फ भाजपा बल्कि सहयोगी दलों के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए भी मेहनत करनी है। बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने बैठक के बारे में पूछे जाने पर पत्रकारों को बताया कि नड्डा ने पार्टी सांसदों से कहा कि वे आगामी विधानसभा में भाजपा और राजग के घटक दलों के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करें।

नड्डा ने पिछले दिनों बिहार प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट कर दिया था कि आगामी चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनता दल यूनाइटेड और लोक जनशक्ति पार्टी के साथ मिलकर लड़ा जाएगा। सितंबर में बिहार विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना है। बिहार विधानसभा के चुनाव, कोरोना वायरस महामारी के दौरान होने वाले भारत के पहले चुनाव होंगे। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त हो रहा है। जदयू के नेतृत्व में राजग पिछले लगभग 15 सालों से बिहार की सत्ता में है। लोजपा भी इसका एक घटक दल है। पिछले लोकसभा चुनाव में बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से 39 पर राजग ने कब्जा किया था।

प्रमुख खबरें

Kerala High Court ने रद्द किया SIT का फैसला, ED रिपोर्ट पर Vijayan के खिलाफ FIR के निर्देश

Noida International Airport का नाम Narendra Modi के नाम पर रखने को यूपी कैबिनेट की मंजूरी

UK Trade Minister Jonathan Reynolds भारत आने वाले Great North प्रतिनिधिमंडल की करेंगे अगुवाई

INDIA Bloc के सांसद रात 8 बजे राष्ट्रपति मुर्मू से मिलेंगे; शाम 5 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में होंगे इकट्ठा