भाजपा प्रत्याशी करोड़ी मीणा ने पुलिस पर कांग्रेस विधायक के लिए काम करने का आरोप लगाया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 25, 2023

राजस्थान के सवाई माधोपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी किरोड़ी मीणा ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता को शिकायत देकर सवाई माधोपुर के पुलिस अधिकारियों पर कांग्रेस विधायक दानिश अबरार के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर थाने की पुलिस टीम ने दौसा जिले में भाजपा के कुछ सदस्यों को पकड़ा और उनकी बुरी तरह पिटाई की। हालांकि, मलारना डूंगर थानाधिकारी लखन खटाना ने इस आरोप को खारिज कर दिया।

उन्होंने बताया कि अबरार की गाड़ी पर हमले के बाद उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर बदमाशों का पीछा किया और तभी आरोपियों की गाड़ी खाई में जा गिरी, जिसमें कुछ लोगों को चोटें आईं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने मामले में वांछित आरोपियों के खिलाफ दौसा के लालसोट थाने में मामला दर्ज करवाया है।

वहीं, आरोपियों ने भी थानाधिकारी और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत चोट पहुंचाने और एससी और एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत क्रॉस प्राथमिकी दर्ज करवाई है।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। सवाई माधोपुर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने दानिश अबरार की गाड़ी पर हमले के मामले में मलारना डूंगर थाने में छह नामजद और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

यह घटना मलारना चौड़ बाईपास पर उस समय घटी जब अबरार अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जा रहे थे। लोगों के समूह ने वाहनों को रोका और काले झंडे दिखाए। उनमें से कुछ ने वाहन पर पथराव भी किया जिससे गाड़ी के शीशे क्षतिग्रस्त हो गये।

प्रमुख खबरें

Priyank Kharge का Tejasvi Surya पर पलटवार, बोले: पहले Acche Din का White Paper दिखाएं

SP में फूट की गलत जानकारी फैलाने पर Rajiv Rai का OP Rajbhar को लीगल नोटिस

Luka Modric ने रचा इतिहास! 200 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले चौथे खिलाड़ी बने, Ronaldo-Messi लिस्ट में शामिल

World Cup में Mexico क्यों बना South Korea का दूसरा घर? जानिए 2018 का वो ऐतिहासिक मैच