भाजपा ने बिहार की दो विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 09, 2022

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार की मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए रविवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। इन उपचुनाव को सात दलों वाले सत्तारूढ़ “महागठबंधन” के सामने भाजपा की पहली चुनावी परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी एक पत्र के अनुसार, गोपालगंज से पार्टी के विधायक रहे सुभाष सिंह की पत्नी कुसुम देवी उम्मीदवार होंगी।

इसे भी पढ़ें: महबूबा मुफ्ती ने राहुल की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की प्रशंसा की, भाजपा को लोकतंत्र ‘कुचलने’ के लिए आड़े हाथ लिया

मोकामा में, चार बार के विधायक व बाहुबली अनंत कुमार सिंह को अयोग्य करार दिए जाने के बाद उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी है। भाजपा ने इस सीट से सोनम देवी को टिकट दिया है। सोनम देवी स्थानीय बाहुबली नलिनी रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की पत्नी हैं। ललन सिंह की अनंत सिंह के साथ पुरानी अदावत रही है। सोनम देवी के पति ललन सिंह ने एक दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) का साथ छोड़ दिया था, जिसके बाद भाजपा की तरफ से सोनम देवी की उम्मीदवारी की घोषणा की गई। ललन सिंह 2020 के विधानसभा चुनाव से पहले टिकट मिलने की आस में जद(यू) में शामिल हुए थे। तब से उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा था, जिससे वह नाराज थे।

अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी मोकामा सीट से राजद का टिकट पाने का प्रयास कर रही हैं। हालांकि, सत्तारूढ़ गठबंधन ने अभी इस संबंध में फैसला नहीं किया है कि कौन सी पार्टी दोनों सीट पर होने वाले उपचुनाव में लड़ेगी। सत्तारूढ़ महागठबंधन में राजद, जद (यू), कांग्रेस, भाकपा (माले), माकपा, भाकपा और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) शामिल है। दोनों सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर है।

प्रमुख खबरें

वैवाहिक विवादों में कानून के दुरुपयोग पर Allahabad High Court सख्त, आगरा में दर्ज FIR रद्द

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, Akhilesh Yadav बोले निष्पक्ष संस्था पर भाजपा का दबाव

MP OBC Quota: 27 फीसदी आरक्षण रद्द करने के आदेश के खिलाफ Supreme Court जाएगी Congress

दिल्ली अदालत का फैसला: Sharjeel Imam की अंतरिम जमानत रद्द करने से इनकार