भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस से निष्कासित किशोर उपाध्याय, टिहरी से बनाया उम्मीदवार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 28, 2022

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को टिहरी से अपना उम्मीदवार घोषित किया। उपाध्याय ने बृहस्पतिवार को भाजपा की सदस्यता ली थी। भाजपा ने डोइवाला से बृजभूषण गैरोला को टिकट दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पिछला चुनाव डोइवाला से ही जीता था। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा को पत्र लिखकर चुनाव ना लड़ने की इच्छा जताई थी। इस प्रकार भाजपा ने राज्य की सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। उपाध्याय ने बृहस्पतिवार को देहरादून में केंद्रीय मंत्री व उत्तराखंड के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उपाध्याय पूर्व में दो बार टिहरी से विधायक रह चुके हैं।

इसे भी पढ़ें: भाजपा को झटका, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत कांग्रेस में हुए शामिल

वह नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में बनी प्रदेश की पहली निर्वाचित सरकार में उद्योग राज्य मंत्री थे। वह वर्ष 2014 से 2017 तक उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे। उपाध्याय पिछले काफी समय से वरिष्ठ नेता होने के बावजूद कांग्रेस में उपेक्षित महसूस कर रहे थे। उन्हें अनुशासनहीनता के आरोप में कांग्रेस की सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। इस पहाड़ी राज्य की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक ही चरण में 14 फरवरी को मतदान होना है।

प्रमुख खबरें

Jammu-Kashmir के बांदीपोरा में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़

सरकार ने प्याज निर्यात पर प्रतिबंध हटाया, न्यूनतम निर्यात मूल्य 550 डॉलर प्रति टन

MI vs KKR मैच के बाद आलोचकों को मिचेल स्टार्क ने लिया आड़े हाथ, खराब इकोनॉमी रेट पर तोड़ी चुप्पी

इस देश में फिर जलेगी कुरान! इस्लामिक देशों में मच गया बवाल