BJP सांसद ने उत्तर बंगाल को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने की मांग की, ममता दीदी ने दी तीखी प्रतिक्रिया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 15, 2021

कोलकाता। उत्तर बंगाल के जिलों को मिलाकर केंद्रशासित प्रदेश बनाए जाने की भाजपा के दो सांसदों की मांग पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और कहा कि वह बंगाल के किसी भी हिस्से को अपनी स्वतंत्रता नहीं खोने देंगी एवं उसे नयी दिल्ली पर निर्भर नहीं होने देंगी। अलीपुरद्वार से भाजपा सांसद जॉन बार्ला के लखीपाड़ा टी गार्डन स्थित आवास पर रविवार को बंद कमरे में हुई एक बैठक में एक पृथक केंद्रशासित प्रदेश की मांग उठी और इसपर चर्चा हुई। बार्ला ने मंगलवार को पीटीआई-से फोन पर कहा, ‘‘मैंने मांग की। यहां पृथक कामतापुरी, ग्रेटर कूच बिहार और गोरखालैंड की मांग को लेकर आंदोलन हुए हैं। मेरा मानना है कि उत्तर बंगाल को अलग किया जाना चाहिए और इसे एक पृथक केंद्रशासित प्रदेश बनाया जाना चाहिए।’’ पूर्व में एक स्वायत्त आदिवासी क्षेत्र के लिए आंदोलन का नेतृत्व कर चुके नेता ने कहा कि छोटे राज्य बेहतर काम करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर बंगाल की अनदेखी की गई है और इसके समक्ष सुरक्षा संबंधी मुद्दे भी हैं। हमारी अर्थव्यवस्था प्रभावित है, चाय बागान बंद हो रहे हैं। हम केंद्रशासित प्रदेश के रूप में बेहतर स्थिति में होंगे।’’ बार्ला ने कहा कि वह इस मुद्दे पर क्षेत्र के अन्य सांसदों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे तथा मुद्दे को संसद में भी उठाएंगे। 

प्रमुख खबरें

Kumkum Mohod ने तोड़ा कोरियाई दबदबा, Asian Games में रिकर्व स्वर्ण जीतकर रचा इतिहास

बाजार से खरीदने का झंझट खत्म, Navratri के लिए घर पर ही बनाएं डिजाइनर Dandiya Sticks

Delhi Metro के 57 स्टेशन बंद, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन रोकने को 25 हजार जवान तैनात

CPIM नेता Bikash Ranjan Bhattacharyya के बयान पर भड़के सुवेंदु, घर पर हमले में एक अरेस्ट