भाजपा सरकार तीन कृषि कानून वापस ले ले, यही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि होगी: अखिलेश यादव

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 01, 2021

लखनऊ| समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के दो ही काम है, एक समाजवादी पार्टी के कामों के नाम बदलना और दूसरा शौचालय बनवाना।

इसे भी पढ़ें: जिन्ना की सराहना करने पर भाजपा ने अखिलेश यादव को घेरा

यादव ने कहा, ‘‘आज पूरा देश सरदार पटेल को याद कर रहा है, उनकी जयंती मना रहा है। वल्लभभाई पटेल का देश को एक रखने में और खुशहाल रखने में बड़ा योगदान है और उन्होंने स्वयं किसानों की लड़ाई लड़ी, इसलिए उन्हें सरदार और लौह पुरुष भी कहा जाता है। यादव ने भारत की आजादी में मोहम्मद अली जिन्ना के योगदान की सराहना की।

सपा प्रमुख ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और (मोहम्मद अली) जिन्ना ने उसी संस्थान से पढ़ाई की, और बैरिस्टर बने और भारत की आजादी के लिए किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटे। उन्होंने राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ का नाम लिए बिना कहा अगर कोई विचारधारा (आरएसएस की) है जिस पर प्रतिबंध लगाया गया था तो वह लौह पुरुष सरदार पटेल थे जिन्होंने प्रतिबंध लगाने का काम किया था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा आज, जो लोग देश को एकजुट करने की बात कर रहे हैं, वे आपको और मुझे जाति और धर्म के आधार पर विभाजित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी दावा करती है कि सरदार पटेल के रास्ते पर चल रहे हैं, लेकिन आज सबसे ज्यादा किसान दुखी हैं। आज किसानों की आय कम हुई है, महंगाई बढ़ गई है, बेरोजगारी बढ़ी है, जिस तरह से सरकार चल रही है, सभी वर्ग अपमानित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कानून व्यवस्था पूरी तरीके से ध्वस्त है, फैजाबाद में एक बेटी ने पुलिस पर आरोप लगाकर आत्महत्या कर ली। अगर पुलिस ही ऐसी घटनाओं में शामिल हो जाएगी तो न्याय कौन देगा।’’

सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के जितने भी काम हैं भारतीय जनता पार्टी उन्हीं का शिलान्यास-लोकार्पण कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘बाबा (योगी आदित्यनाथ) मुख्यमंत्री एक कमाल के मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने अपने किसी काम का उद्घाटन नहीं किया है। यादव ने कहा, ‘‘सभी वर्गों ने मन बना लिया है कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएंगे जिससे उत्तर प्रदेश तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर जाएगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर व्यंग करते हुए कहा कि ‘‘जब जनता ने मन बना लिया है तो ऐसे में जो मुख्यमंत्री आवास है उसको मुख्यमंत्री पूरी तरीके से साफ करा दें, जाले साफ करा दें और वहां जो धुंए के धब्बे हैं वह भी साफ करा दें।

यादव ने कहा उत्तर प्रदेश में लगातार समाजवादी “विजय रथ“ चलता रहेगा, प्रदेश की जनता को न्याय और किसानों, नौजवानों को विजय दिलाने के लिए विजय रथ यात्रा निकाली जा रही है।

उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में किसान सरकार की दोषपूर्ण नीतियों के कारण आत्महत्या कर रहे हैं, भाजपा झूठ की बुनियाद पर सत्ता में आई थी लेकिन अब उसकी पोल खुल गयी है।

अखिलेश यादव ने हरदोई के प्रयागराजपुर-शाहजहांपुर राजमार्ग पर ग्राम सदरपुर में सरदार पटेल की और समाजसेवी स्वर्गीय राम लाल सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण किया।

इसे भी पढ़ें: सपा, बसपा और कांग्रेस को पूरी तरह विदाई देने का वक्त आ गया : मौर्य

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर