By दिनेश शुक्ल | Feb 06, 2021
आगर मालवा। आगरमालवा के पूर्व विधायक गोपाल परमार व भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष करण सिंह यादव पर भाजपा कार्यकर्ता राधेश्याम विश्वकर्मा निवासी ग्राम पांचारूड़ी जिला आगर मालवा ने शनिवार को आगर मालवा थाने में प्रकरण दर्ज कराया है। इस संबंध में कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि राधेश्याम विश्वकर्मा के आवेदन पर पूर्व विधायक गोपाल परमार व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष करण सिंह यादव पर भा.द.वि. की धारा 294, 506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों आगर मालवा के प्रवास पर आये प्रदेश के नवीन, नवकरणीय ऊर्जा एवं पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग के सामने सर्किट हाऊस पर आगर मालवा जिले में संचालित हो रही पवन उर्जा से संबंधित कम्पनी विंड वर्ल्ड से हुए रूपयों के लेन-देन और अन्य कार्यो को लेकर शुरू हुए विवाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर अवैध वसूली व धोखाधड़ी करने के आरोप लगाये थे।