By अनुराग गुप्ता | Aug 24, 2021
मुंबई। साल 2022 में मुंबई में होने वाले बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी रणनीतियां बनाना शुरू कर दिया है। बता दें कि कांग्रेस ने मेयर उम्मीदवार पद के लिए कुछ नामों का सुझाव दिया है। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे रितेश देशमुख, मॉडल मिलिंद सोमन और अभिनेता सोनू सूद शामिल हैं।
रणनीतिक दस्तावेज हुआ तैयार
कांग्रेस के रणनीतिक दस्तावेजों में तीनों अभिनेताओं का नाम शामिल किया गया है। जिनमें से कोई भी कांग्रेस के सदस्य नहीं हैं। 25 पन्नों के रणनीति दस्तावेज का मसौदा मुंबई कांग्रेस के सचिव गणेश यादव ने तैयार किया है। हालांकि इसे पार्टी नेताओं के सामने अभी पेश नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों के भीतर एआईसीसी सचिव एचके पाटिल के सामने पेश किया जा सकता है।अंग्रेजी समाचार वेबसाइट 'इंडियन एक्सप्रेस' में छपी रिपोर्ट के मुताबिक गणेश यादव ने बताया कि मुंबई कांग्रेस प्रमुख भाई जगताप पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ दस्तावेज पर चर्चा करेंगे। दस्तावेज में सुझाव दिया है कि बीएमसी चुनाव से पहले पार्टी को मेयर उम्मीदवार पद के लिए चेहरे का ऐलान कर देना चाहिए। पार्टी को ऐसे लोगों को मौका देना चाहिए, जिनका कोई भी राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है।चुनावों में जारी रहेगा गठबंधन ?दस्तावेज में कहा गया है कि पार्टी को ऐसे लोगों को मौका देना चाहिए, जिनकी युवाओं के बीच में पकड़ है। इसके अलावा कहा गया है कि पार्टी को चुनाव के पहले यह स्पष्ट कर देना चाहिए कि वह शिवसेना के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी या फिर अपने दम पर। आपको बता दें कि महाराष्ट्र में कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी के गठबंधन वाली महाविकास अघाड़ी सरकार है।