Mumbai Air Quality: बीएमसी 22 करोड़ रुपये में लगाएगी 5 नए मॉनिटरिंग स्टेशन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

मुंबई में खराब होती वायु गुणवत्ता के मद्देनजर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) शहर में 22 करोड़ रुपये की लागत से पांच और वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र स्थापित करेगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये पांच नए वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र मुलुंड, दादर, गोरेगांव, चर्नी रोड और सांताक्रूज में स्थापित किए जाएंगे।

फिलहाल दादर, चर्नी रोड और मुलुंड में कोई निगरानी केंद्र नहीं है। मुंबई में अभी बीएमसी, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान की निगरानी में 29 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र हैं। इन केंद्रों से मिलने वाले आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता निगरानी डैशबोर्ड समीर पर भेजे जाते हैं।

नगर निकाय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित पांच नए केंद्रों में से दो मौजूदा बीएमसी केंद्रों की जगह लगाए जाएंगे, जबकि बाकी तीन ऐसे स्थानों पर स्थापित होंगे, जहां पांच किलोमीटर के दायरे में कोई निगरानी केंद्र नहीं है। पिछले एक सप्ताह के दौरान मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम से खराब और बहुत खराब श्रेणी के बीच रहा है। अधिकारी ने बताया कि 22 करोड़ रुपये की इस परियोजना में पांचों केंद्रों को स्थापित करने, पांच साल तक उनका संचालन करने और रखरखाव का खर्च शामिल है।

इन केंद्रों के छह महीने में काम शुरू करने की उम्मीद है। केंद्रों के लिए स्थानों के चयन के बारे में अधिकारी ने कहा कि ये जगहें सीपीसीबी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य शहर के विभिन्न इलाकों में हवा की सामान्य गुणवत्ता का आकलन करना है।

अधिकारी ने कहा, हमने सीपीसीबी के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए नए केंद्र स्थापित करने के लिए सबसे उपयुक्त स्थान चुने हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से प्रत्येक स्वचालित निगरानी केंद्र के लिए 300 से 700 वर्ग फुट जमीन की जरूरत होगी।

प्रमुख खबरें

IITF 2024: भारत मंडपम में व्यापार मेले को लेकर Delhi Police ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

Farooq Abdullah ने फिर रागा Pakistan के साथ वार्ता का अलाप, बोले- बंदूकें शांत होने का इंतजार करेंगे तो देर हो जायेगी

Instagram पर बोले राहुल गांधी, PM मोदी करा रहे मेरा Phone Tap, बहस में करूंगा साबित

Microsoft Outage Impact: माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर ठप, 3 उड़ानें रद्द, 2 लेट