Cannes Film Festival 2022 | कान फिल्म महोत्सव का समापन, कई फिल्मों को मिला पुरस्कार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 29, 2022

कान। कान के 75वें फिल्म महोत्सव की जूरी ने शनिवार रात यहां एक समापन समारोह में स्वीडिश निर्देशक रूबेन ओस्टलंड की फिल्म ‘ट्राएंगल ऑफ सैडनेस’ को पाल्म डी ओर से सम्मानित किया। कान फिल्म समारोह का शीर्ष पुरस्कार जीतने वाली ओस्टलंड की यह दूसरी फिल्म है। उन्होंने 2017 में ‘द स्क्वायर’ के लिए पाल्म डी ओर जीता था। ओस्टलंड अब नौवें निर्देशक बन गए हैं जिन्होंने दो बार पाल्म डी ओर पुरस्कार जीता है। वह उस सूची में शामिल हो गए हैं जिसमें फ्रांसिस फोर्ड कोपोला, शोहे इमामुरा, बिले अगस्त, अमीर कुस्तुरिका, माइकल हानेके, केन लोच और डारडेन ब्रदर्स शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: आजमगढ़ में लोकसभा उपचुनाव लड़ेगी बसपा, रामपुर में उम्मीदवार नहीं उतारेगी

डारडेन ब्रदर्स, जीन-पियरे और ल्यूक की ‘टोरी एंड लोकिता’ को महोत्सव की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक विशेष पुरस्कार दिया गया। जापानी निर्देशक ची हयाकावा ने अपनी पहली फिल्म ‘प्लान 75’ के लिए ए कैमरा डी ओर - स्पेशल मेंशन जीता। कोरियाई अभिनेता सोंग कांग-हो को जापानी निर्देशक हिरोकाजू कोरे-एडा की बुसान की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘ब्रोकर’ में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया। ईरानी-डेनिश फिल्म निर्माता अली अब्बासी द्वारा निर्देशित महिला प्रधान ‘होली स्पाइडर’ की ईरानी अभिनेत्री जार अमीर इब्राहमी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। सर्वश्रेष्ठ पटकथा का पुरस्कार ‘बॉय फ्रॉम हेवन’ के लिए मिस्र-स्वीडिश निर्देशक तारिक सालेह को दिया गया।

2022 के कान फिल्म महोत्सव की जूरी की अध्यक्षता अनुभवी फ्रांसीसी अभिनेता विंसेंट लिंडन ने की थी। इसमें भारत की दीपिका पादुकोण के साथ नूमी रैपेस, जोआचिम ट्रायर, जैस्मीन ट्रिनका, जेड निकोल्स, असगर फरहादी, रेबेका हॉल और लाडज ली शामिल हैं। लघु फिल्म पाल्मे डी ओर चीन के चेन जियानिंग की ‘द वाटर मर्मर’ को मिला।

नेपाल के अविनाश बिक्रम शाह की लघु फिल्म ‘लोरी’ ने एक विशेष पुरस्कार जीता। इससे पहले दिन में दिल्ली के शौनक सेन की ‘ऑल दैट ब्रीथ्स’ ने 75वें कान फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र के लिए 2022 ल ऑइल डी ओर (गोल्डन आई) पुरस्कार जीता। सेन की जीत कान में दो साल में भारत की दूसरी जीत है। 2021 में पायल कपाड़िया की ‘ए नाइट ऑफ नोइंग नथिंग’ने ल ऑइल डी ओर का पुरस्कार जीता था। सैम सादिक द्वारा लिखित और निर्देशित पाकिस्तानी फिल्म ‘जॉयलैंड’ ने शुक्रवार को प्रतिष्ठित महोत्सव के ‘अन सर्टन रिगार्ड खंड’ में जूरी पुरस्कार जीता, जिससे यह पुरस्कार पाने वाली उपमहाद्वीप की यह पहली फिल्म बन गई। फिल्म में मुख्य किरदारों में से एक ट्रांसवुमन की भूमिका ट्रांसवुमन अलीना खान ने निभाई है।

प्रमुख खबरें

Political Drama के बाद फिर BSP में वापस कैसे लौटे Akash Anand? क्या है Mayawati का 2027 वाला प्लान?

Google Cloud India के अंतरिम प्रमुख बने अमित कुमार, शशिकुमार श्रीधरन ने छोड़ा पद

Dandiya Night Outfits: Garba Nights में ट्रेडिशनल लुक के लिए Bandhani Lehenga और Indo Western करें ट्राई

J&K में UCC लागू करने से इंकार करते हुए Omar Abdullah ने मोदी सरकार को दे डाली बड़ी चुनौती