By अंकित सिंह | Aug 05, 2026
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद बांसुरी स्वराज की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सार्वजनिक जीवन में उनका मुख्य मकसद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कानूनी मामले दर्ज करना है। नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए यादव ने कहा कि जहां तक सुषमा स्वराज की बेटी (बांसुरी स्वराज) की बात है, तो ऐसा लगता है कि उनका जन्म सिर्फ़ राहुल गांधी के ख़िलाफ़ केस करने के लिए ही हुआ है। वह जब चाहें पुलिस स्टेशन चली जाती हैं। उन्हें कानून की कोई समझ नहीं है।
उनकी यह टिप्पणी संसद परिसर में विपक्षी सांसदों द्वारा किए गए एक नाटक से पैदा हुए राजनीतिक विवाद के बाद आई है, जिसमें राम मंदिर चंदे के मामले में कथित हेराफेरी को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की गई थी। यादव ने इस स्किट (नाटक) का बचाव करते हुए इसे सम्मानजनक विरोध बताया और कहा कि BJP सांसद संजय जायसवाल के विशेषाधिकार हनन के नोटिस के जवाब में वे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
यादव ने ANI से कहा कि आप सदन में नेहरू, इंदिरा गांधी या मुलायम सिंह को अपशब्द कह सकते हैं। आप जिसे चाहें उसे अपशब्द कह सकते हैं; यह ठीक है। आप सदन में विपक्ष के नेता (LOP) को बोलने से रोक सकते हैं; यह ठीक है। लेकिन जब कोई सदन के बाहर सम्मानजनक तरीके से विरोध करता है, तो 'विशेषाधिकार' का सवाल कहाँ से उठता है? उन्होंने आगे कहा कि अगर स्पीकर चाहें तो वे स्पष्टीकरण देने के लिए तैयार हैं और उन्होंने स्पीकर को पहले ही एक पत्र लिख दिया है।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।