By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026
(फाइल फोटो के साथ) विशाखापत्तनम, 13 नवंबर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कंपनियों से कारोबारी सम्मेलन में हुए निवेश समझौतों को जल्द से जल्द चालू परियोजनाओं में बदलने का आग्रह किया। उन्होंने कंपनियों से राज्य के सबसे गरीब परिवारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत खर्च के जरिये अपने पी4 (जनता-निजी-सरकारी भागीदारी) कार्यक्रम का समर्थन करने को भी कहा। ‘सीआईआई साझेदारी सम्मेलन’ के दूसरे दिन नायडू ने कहा कि समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद सरकार मंजूरियां देगी और जमीन आवंटित करेगी, लेकिन निवेशकों को परियोजना के उद्घाटन की तारीख तय करनी होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे शिलान्यास या कागजों पर हुए समझौतों में कभी दिलचस्पी नहीं रही। मुझे खुशी तभी होगी जब परियोजनाओं का उद्घाटन होगा। इसलिए गति बहुत, बहुत महत्वपूर्ण है।’’ मुख्यमंत्री ने कंपनियों से कामकाज में ‘तेजी का रिकॉर्ड’ बनाने का आग्रह किया।
शुक्रवार को यहां 31वें सीआईआई साझेदारी सम्मेलन के दूसरे एवं अंतिम दिन नायडू की मौजूदगी में 11 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इनके तहत 1.40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित निवेश और 10,472 रोजगार सृजित होने की संभावना है। पी4 (पब्लिक-प्राइवेट-पीपल-पार्टनरशिप) यानी जनता-निजी-सरकारी भागीदारी कार्यक्रम पर जोर देते हुए नायडू ने कहा कि दूरसंचार, सड़क और बिजली क्षेत्रों में सार्वजनिक-निजी भागीदारी पर राज्य के ध्यान देने से समृद्धि हुई, लेकिन अमीरों और गरीबों के बीच की खाई को पाटने की जरूरत है।
इस मॉडल के तहत समाज के शीर्ष 10 प्रतिशत लोगों को ‘मार्गदर्शी’ कहा गया है। उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे निचले 20 प्रतिशत तबके के परिवारों (जिन्हें ‘बंगारू कुटुंबम’ (स्वर्ण परिवार) कहा जाता है) को शिक्षा, मार्गदर्शन और समय पर सहायता देकर आगे बढ़ने में मदद करेंगे। इसमें एकमुश्त वित्तीय सहायता देने के बजाय लगातार सहयोग पर जोर है।
सम्मेलन में इस संबंध में दो प्रतिबद्धताओं की घोषणा की गई। हीरो समूह का बृजमोहन लाल मुंजाल फाउंडेशन 28 जिलों के करीब 1,120 ऐसे विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देगा, जिन्होंने 10वीं कक्षा पास की है और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) जैसे देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिला ले रहे हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को 2.9 लाख रुपये मिलेंगे।
इस पर कुल 32.48 करोड़ रुपये खर्च होंगे। विविध कारोबार करने वाली कंपनी आईटीसी लिमिटेड समग्र विकास के लिए करीब 100 गांवों के 25,000 परिवारों के साथ काम करेगी। नायडू ने कहा कि आईटीसी की भागीदारी से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि ‘‘अब कोई परिवार निचले 20 प्रतिशत तबके में न रहे।’’