छत्तीसगढ़ कांग्रेस विवाद: फिर दिल्ली पहुंचेंगे बघेल, हाई कमान के साथ मुलाकात की संभावना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 27, 2021

नयी दिल्ली/रायपुर। कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई में चल रही रस्साकशी के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को दिल्ली पहुंचेंगे और उनकी पार्टी नेतृत्व के साथ मुलाकात की संभावना है। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शुक्रवार को दिल्ली में होंगे, हालांकि विधायकों को दिल्ली नहीं बुलाया गया है और इससे संबंधित खबरें निराधार हैं। सूत्रों ने बताया कि बघेल के समर्थक कहे जाने वाले कई विधायक बृहस्पतिवार रात दिल्ली पहुंचे हैं और कुछ विधायक शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: खालिस्तानी कार्यकर्ताओं, गैंगस्टरों को अवैध हथियारों की आपूर्ति करने के आरोप में दो गिरफ्तार

पिछले दिनों बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद बुधवार को रायपुर लौटने पर बघेल ने कहा था कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के आदेश से वह इस पद पर आसीन हुए हैं और उनके कहने पर तत्काल इस पद को त्याग देंगे। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा था कि मुख्यमंत्री पद के ढाई—ढाई वर्ष के बंटवारे का राग अलाप रहे लोग प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता लाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें वह कभी सफल नहीं होंगे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में दिसंबर, 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से मुख्यमंत्री बघेल और स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव के बीच रिश्ते सहज नहीं रहे। सिंहदेव के समर्थकों का कहना है कि ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री को लेकर सहमति बनी थी और ऐसे में अब सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। पिछले दिनों बघेल गुट और सिंहदेव गुट के बीच मतभेद उस वक्त और बढ़ गये जब कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर आरोप लगाया था कि वह उनकी हत्या करवाकर मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। बृहस्पति सिंह को मुख्यमंत्री बघेल का करीबी माना जाता है।

प्रमुख खबरें

बिश्केक में पुतिन से मिले पीएम मोदी, रूस-यूक्रेन संघर्ष को बातचीत से सुलझाने पर दिया जोर

कौशांबी पटाखा फैक्टरी विस्फोट में 11 की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख और किया मुआवजे का ऐलान

पाकिस्तान के नारोवाल में गिराया गया सदी पुराना हिंदू मंदिर

बिश्केक में ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान से मिले पीएम मोदी, पश्चिम एशिया में शांति का किया समर्थन