By दिनेश शुक्ल | Jun 16, 2020
भोपाल। मध्य प्रदेश की बदनावर विधानसभा के लगभग 300 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। सिंधिया समर्थक पूर्व विधायक राज्यवर्धन सिंह के साथ भाजपा कार्यालय पहुँचे इस कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सदस्यता ग्रहण करवाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में आपका स्वागत है। ये एक परिवार है और आज से आप भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेकर इस परिवार के अभिन्न अंग बन गए हैं। अब हम सभी लोग एक टीम की तरह, मिलजुलकर आपके बदनावर विधानसभा क्षेत्र और पूरे प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व विधायक राज्यवर्धन सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने वाले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की उपस्थिति में सभी कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल किया गया।
वही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जिसमें मुख्यमंत्री भी कार्यकर्ता ही होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से एक परिवार के रूप में काम करती रही है और अब आप भी इस परिवार के सदस्य बन गए हैं। आप भाजपा परिवार में आए हैं और मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम मिलजुंलकर काम करेंगे और आपको कभी यह महसूस नहीं होगा कि आप बाहर से आए हैं। शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 15 सालों तक भाजपा की सरकार रही, जिसने पूरी संवेदनशीलता के साथ काम किया। लेकिन 15 महीनों के लिए आई कमलनाथ सरकार ने प्रदेश की दुर्गति कर दी। सरकार भ्रष्टाचार में डूबी रही। कमलनाथ जी को सरकार से कोई लेना-देना नहीं था, क्योंकि वे सिर्फ छिंदवाड़ा के मुख्यमंत्री थे। बाकी लोगों ने फायदा उठाया। हम टीम भावना से काम करेंगे और आने वाले उप चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाएंगे। इस अवसर पर कांग्रेस के धार से लोकसभा प्रत्याशी रहे दिनेश गिरवाल, विधानसभा अध्यक्ष युवा कांग्रेस विजय सिंह पंवार, किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री आत्माराम जाट, सतीश परमार, विक्रम सिंह बिलोदा, अहमद नूर, जफर भाई, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष, विक्रम पटेल सहित 300 से अधिक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। भाजपा की तरफ से इस मौके पर पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना बघेल, धार सांसद छतरसिंह दरबार, पूर्व विधायक राज्यवर्धन सिंह, पूर्व विधायक खेमराज पाटीदार, जिलाध्यक्ष राजू यादव, महामंत्री मनोज सोमानी, तथा पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।