सीओए प्रमुख विनोद राय ने कहा, 22 की जगह 23 अक्टूबर को होंगे बीसीसीआई चुनाव

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 24, 2019

नयी दिल्ली। बीसीसीआई के बहुप्रतीक्षित चुनाव हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के कारण अब एक दिन देर से 23 अक्टूबर को होंगे। भारतीय क्रिकेट का संचालन कर रही प्रशासकों की समिति (सीओए) के अध्यक्ष विनोद राय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। दोनों ही राज्यों में एक चरण में 21 अक्टूबर को चुनाव होंगे और इन दो इकाइयों के मत देने वाले सदस्यों को कोई असुविधा नहीं हो यह सुनिश्चित करने के लिए बीसीसीआई के चुनाव एक दिन के लिए स्थगित किए गए हैं। सीओए प्रमुख राय ने कहा, ‘‘बीसीसीआई के चुनाव पटरी पर हैं। राज्य चुनावों के कारण हमने चुनाव एक दिन टालने का फैसला किया है। इसलिए अब यह 22 अक्टूबर की जगह 23 अक्टूबर को होंगे। किसी और जगह आप जो भी पढ़ोगे वह तथ्यात्मक रूप से गलत होता।’’ सीओए की एक अन्य सदस्य डायना इडुल्जी ने कहा कि वह बीसीसीआई चुनावों में किसी भी तरह के विलंब के खिलाफ हैं लेकिन समझ सकती हैं कि राज्य चुनावों के कारण इन्हें एक दिन टाला गया है। 

इसे भी पढ़ें: आखिर T-20 क्रिकेट में कैसे मजबूत हो पाएगी टीम इंडिया !

सीओए ने उच्चतम न्यायालय को अपनी याचिका में बीसीसीआई की 38 राज्य इकाइयों के अनुपालन की स्थिति रिपोर्ट भी सौंपी। इसके अनुसार 24 पूर्ण सदस्यों ने अपने संबंधित संविधान को सीओए की स्वीकृति के अनुसार पंजीकृत करवा लिया है। तीन सदस्यों- रेलवे, सेना और विश्वविद्यालय का बीसीसीआई के संविधान के अनुसार आधिकारिक प्रतिनिधि होगा। सीओए ने न्यायालय को साथ ही सूचित किया कि सात पूर्ण सदस्यों ने उनसे संविधान स्वीकृत करा लिया है लेकिन अब तक दस्तावेज नहीं सौंपे हैं। दो सदस्यों की सीओए से बातचीत चल रही है और वे अनुपालन की राह पर हैं। सीओए के अनुसार सिर्फ दो सदस्य- हरियाणा और तमिलनाडु अनुपालन नहीं कर रहे और अपना संविधान स्वीकृत संविधान के अनुसार तैयार करने में विफल रहे हैं। बीसीसीआई के चुनावों के साथ भारतीय क्रिकेट का संचालन कर रही उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति का कार्यकाल भी खत्म हो जाएगा। सीओए जनवरी 2017 से खेल का संचालन कर रहे हैं और उन्हें न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) आरएम लोढा द्वारा सुझाए प्रशासनिक सुधारों को लागू करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

प्रमुख खबरें

Yamuna Expressway बस हादसे पर Allahabad High Court सख्त, यूपी सरकार से मांगा जवाब

Guwahati के होमस्टे में छात्रा की संदिग्ध मौत, पुलिस ने साथी आशिक अली को दबोचा

Election Commission के स्पष्टीकरण से NDA सहयोगियों की चिंता दूर, चिराग और नायडू ने किया समर्थन

Rajasthan में Congress MLA Chetan Patel पर FIR दर्ज, Tika Ram Jully ने BJP सरकार को घेरा