बदायूं में कोबरा सांप घायल, उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 09, 2023

बदायूं जिले के सिलहरी में सीमेंट की एक दुकान में रखा लोहे का गार्डर (मोटी छड़) गिरने से एक कोबरा सांप घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को इसकी पुष्टि की।

प्रभागीय वन अधिकारी(डीएफओ) अशोक कुमार ने बताया कि एक दुकान में शनिवार को बचाव अभियान के दौरान एक कोबरा घायल हो गया था। उन्होंने बताया कि जनपद बदायूं एवं उसके आसपास कोबरा के समुचित इलाज की व्यवस्था न होने की वजह से उसके दिल्ली स्थित ‘वाइल्ड लाइफ एसओएस सेंटर’ रेफर किया गया, जिसके बाद उसे दिल्ली ले जाया गया।

दुकान का एक मजदूर शनिवार की शाम लोहे का गार्डर उठाने आया था लेकिन वह दुकान में कोबरा देखकर डर गया और गार्डर उसके हाथ से छूटकर सांप के ऊपर गिर गया।

पशु कल्याण संगठन ‘पीपल फॉर एनिमल्स’ की जिला इकाई के अध्यक्ष विकेंद्र शर्मा ने बताया कि वह घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इस मामले की जानकारी सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को दी, जिसके बाद गांधी ने कोबरा को इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की सलाह दी।

शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर को निजी एंबुलेंस के जरिए कोबरा को ‘वाइल्डलाइफ एसओएस सेंटर’ दिल्ली ले जाया गया। उन्होंने बताया कि उनके दो स्वयंसेवक कोबरा को दिल्ली लेकर गए और उसे ‘वाइल्डलाइफ एसओएस सेंटर’ में भर्ती कराया। उन्होंने कहा कि कोबरा के स्वस्थ हो जाने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

प्रमुख खबरें

Delhi में हवा ‘बेहद खराब’, न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस

Andhra Pradesh के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू राम मंदिर दर्शन के लिए अयोध्या रवाना

अवमानना की कार्यवाही के लिए सर्वोच्च अधिकारी उत्तरदायी होगा : Allahabad High Court

Odisha के पुरी में दिव्यांग महिला से बलात्कार, कड़ी कार्रवाई की मांग