By एकता | Sep 20, 2026
इंदौर में राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने वाले कॉमेडियन पुलकित मणि सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बोलने के अंदाज, विदेशी नेताओं से गले मिलने और बच्चों के साथ सिक्कों वाली ट्रिक को लेकर हास्य पेश किया था। इस पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई थी।
पुलकित मणि ने पोस्ट के जरिए अपने प्रशंसकों को शो रद्द होने की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि शो रद्द होने की असली वजह क्या है। शो रद्द होने की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है।
शो रद्द होने की जानकारी देने के कुछ देर बाद पुलकित मणि ने इंस्टाग्राम पर एक और स्टोरी साझा की। इसमें उन्होंने लिखा, “अंडरग्राउंड होने का समय आ गया...।” इस स्टोरी के बाद नोएडा शो के रद्द होने को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा और बढ़ गई। हालांकि, पुलकित मणि ने शो रद्द होने और इस स्टोरी के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।