Chhatron Ki Goonj: इंदौर के मंच पर Rahul Gandhi ने ऐसा क्या किया, जिस पर BJP भड़क गई?

Rahul Gandhi
ANI
एकता । Sep 20 2026 11:46AM

इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल करने और टिप्पणी करने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा प्रवक्ता सीआर केसवन ने उन पर प्रधानमंत्री, महिलाओं और बुजुर्गों के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी नकारात्मक राजनीति की वजह से युवा कांग्रेस से दूर हो रहे हैं।

इंदौर में शनिवार को कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर बीजेपी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी ने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाने और महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया है।

कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ हास्य कलाकार पुलकित मणि भी मंच पर मौजूद थे। दोनों ने मंच पर कुछ पंक्तियां बोलने के साथ इशारे भी किए। बीजेपी नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल और उनका मजाक उड़ाने वाला बताया।

सीआर केसवन ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने रविवार सुबह एक वीडियो बयान जारी कर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एक कमजोर मां का मजाक उड़ाकर महिलाओं का अपमान किया।

केसवन ने कहा, "कोई भी समझदार व्यक्ति ऐसी घटिया हरकतों को मनोरंजक नहीं मानता।" उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी मंच पर इन हरकतों के दौरान हंसते नजर आए।

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी की ऐसी राजनीति की वजह से कांग्रेस युवाओं के बीच अपनी जगह नहीं बना पा रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता शशि थरूर के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें पार्टी की इस मोर्चे पर नाकामी की बात कही गई थी।

इसे भी पढ़ें: देश के सिस्टम पर 6 लोगों का कब्जा, शिक्षा तंत्र हुआ बदहाल: इंदौर में बोले Rahul Gandhi

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव का जिक्र

सीआर केसवन ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने राहुल गांधी पर 'नफरत की राजनीति' करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके छात्र संगठन एनएसयूआई को दिल्ली विश्वविद्यालय में हार का सामना करना पड़ा।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में आरएसएस से जुड़े छात्र संगठन एबीवीपी ने ज्यादातर पदों पर जीत दर्ज की थी।

बुजुर्गों के सम्मान को लेकर भी निशाना

बीजेपी प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के व्यवहार की तुलना भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बुजुर्ग के लिए कुर्सी की व्यवस्था की थी, जबकि राहुल गांधी ऐसे मंच पर हंसते नजर आए, जहां बुजुर्गों के कथित अपमान की बात सामने आई।

केसवन ने राहुल गांधी पर हास्य कलाकारों और ऐसे कार्यक्रमों का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसी संस्कृति को राहुल गांधी का समर्थन ही कांग्रेस और उनके बीच बढ़ती दूरी की वजह है।

इसे भी पढ़ें: DUSU Election में ABVP की जीत पर BJP का तंज, छात्रों ने खारिज की Rahul Gandhi की राजनीति

मोदी की विदेश नीति पर राहुल गांधी की टिप्पणी

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति को लेकर भी टिप्पणी की। पुलकित मणि के साथ मंच पर उन्होंने प्रधानमंत्री की आवाज की नकल की।

राहुल गांधी ने कहा, "आप सिर्फ किसी दोस्त के घर नहीं जा रहे हैं। भारत के प्रधानमंत्री की भूमिका सिर्फ दोस्ती निभाने की नहीं है। उनका काम देश की रक्षा करना है।" उन्होंने कहा कि दूसरे देशों के नेताओं से रिश्तों को केवल दोस्ती के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए और प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी देश के हितों की रक्षा करना है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़