पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए कांग्रेस ने हेमंत से काफी रुपये मंगाये : रघुवर दास

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 23, 2021

रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज यहां आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से काफी रुपये मंगाये क्योंकि कांग्रेस झारखंड को अपना चरागाह समझती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आज यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया, ‘‘इस बात की काफी चर्चा है कि कांग्रेस पार्टी ने पश्चिम बंगाल के चुनाव के लिए काफी रुपये (मुख्यमंत्री) हेमंत सोरेन जी से मंगाया है। इसीलिए हाल में विशेष विमान (चार्टर्ड प्लेन) से मुख्यमंत्री जी हड़बड़ा कर दिल्ली गये।’’

इसे भी पढ़ें: हेमंत सोरेन ने सोनिया और राहुल से की मुलाकात, किसान आंदोलन और नए मंत्री बनाने समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

उस समय भी तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व ने क्या-क्या किया यह सभी को याद है। उन्होंने कहा, ‘‘सभी को पता है कि किस तरह कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने एक निर्दलीय विधायक मधु कोड़ा को मुख्यमंत्री बनाया और कोड़ा के मुख्यमंत्री रहते कांग्रेस ने कैसे कितना मधु चाटा और कोड़ा किन-किन लोगों पर पड़ा, पूरा झारखंड जानता है। उस समय कांग्रेस की प्रभारी नूर बानो अपने हर झारखंड दौरे पर झारखंड से नूर और कोहिनूर बटोरकर ले जाती थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब आरपीएन सिंह कांग्रेस प्रभारी हैं, उनके बारे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फुरकान अंसारी ने खुलेआम आरोप लगाया है कि वह अपने मंत्रियों के माध्यम से वसूली करते हैं।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन की सरकार तानाशाही की ओर जा रही है। पत्रकारों तथा अखबारों का गला घोंटने की कोशिश हो रही है। जो अखबार सरकार के खिलाफ कुछ भी लिखने का साहस करते हैं उनका विज्ञापन रोक दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से अनुरोध करूंगा कि समाचार पत्रों का गला घोंटने का काम न करें। प्रतिदिन मेरी ही फोटो छपे, ऐसा न सोचें सत्ता किसी की स्थाई नहीं होती है।’’

दास ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने गरीब जनता का करोड़ों रुपये खर्च कर अपनी सरकार की वर्षगांठ मनाने का काम किया। अपने एक वर्ष के काम को बढ़ा चढ़ा कर बताने का काम किया। लेकिन वास्तविकता यह है कि यह सरकार न तीन में है न तेरह में है। उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान सरकार कमजोर और अक्षम सरकार है क्योंकि मुख्यमंत्री बुद्धि और योग्यता से अक्षम हैं।’’ इस सरकार ने जनता की आंखों में सिर्फ धूल झोंकने का काम किया है। दास ने आरोप लगाया कि यह सरकार एड़ी से चोटी तक भ्रष्टाचार में लिप्त है। जनता इन्हें सत्ता में बिठाकर पश्चात्ताप कर रही है। आज जनता ठगा सा महसूस कर रही है।

प्रमुख खबरें

भारत में 2028 तक शुरू होगी Air Taxi, नागरिक उड्डयन मंत्री Ram Mohan Naidu ने Bengaluru में किया बड़ा ऐलान

Jharkhand Student Protest: 5 घंटे चली बैठक, CBI जांच पर नहीं बनी बात, 10 अगस्त को होगा विधानसभा घेराव

Mamata Banerjee पर हमले को लेकर TMC सांसद Kalyan Banerjee ने BJP नेता सुवेंदु अधिकारी को घेरा

Mamata Banerjee पर हमले से गरमाया बंगाल का माहौल, BJP ने TMC के आरोपों पर किया पलटवार