By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य नेता रविवार को चेन्नई में द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन और मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। विपक्षी दल परिसीमन से जुड़े सरकार के संविधान संशोधन विधेयक को पारित होने से रोकने के लिए अपना संख्याबल मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने हालांकि, सरकार के प्रस्तावित विधेयक को समर्थन देने की घोषणा की है, वहीं पवार की पार्टी भी इस विधेयक का समर्थन कर सकती है। ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की ओर से यह पहल ऐसे समय में की जा रही है, जब विपक्ष सरकार के परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक को पारित होने से रोकने के लिए अपने पक्ष में पर्याप्त संख्याबल जुटाने की कोशिश कर रहा है। राहुल गांधी ने अगले सप्ताह होने जा रहे संसद के विशेष सत्र से पहले शनिवार को कांग्रेस के सहयोगी दलों, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगियों और संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन करने वाले दलों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा था, ‘‘भारतीय लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, कृपया जाग जाइए।’’ उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि यह बिल्कुल स्पष्ट हो जाएगा कि लोकतंत्र की रक्षा कौन कर रहा है और कौन नहीं।
कांग्रेस नेता का यह बयान द्रमुक जैसे ‘इंडिया’ गठबंधन से बाहर के दलों द्वारा परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को समर्थन दिए जाने के बीच आया है। विपक्षी गठबंधन में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) भी इस विधेयक का समर्थन कर सकती है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी स्पष्ट किया था कि विधेयक का समर्थन करने की स्थिति में भी शरद पवार की पार्टी की ‘इंडिया’ गठबंधन में स्थिति नहीं बदलेगी।
‘इंडिया’ गठबंधन ने शनिवार को फैसला किया कि वह संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण लागू करने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का एकजुट होकर विरोध करेगा। विपक्षी दलों का कहना है कि इससे अनुसूचित जातियों (एससी) और अनुसूचित जनजातियों (एसटी) के हितों को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने इस कदम को देश में लोकतंत्र खत्म कर स्थायी रूप से सत्ता पर काबिज होने की भाजपा-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की कोशिश बताया।
केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है। इसके तहत लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की सीटों की संख्या तथा उनकी विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करके महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने का प्रस्ताव है। साथ ही, संशोधित सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी है।
संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को फिर से होगी। सत्र का समापन तीन दिसंबर को होगा।
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। इसके अलावा, किसी राज्य की विधानसभा में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव भी है।