By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
कांग्रेस सांसद के सुधाकरन को रविवार शाम दुबई के एक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इससे कुछ घंटे पहले सुधाकरन के परिवार ने आरोप लगाया था कि अस्पताल उन्हें छुट्टी देने में देरी कर रहा है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब सोमवार को संसद में परिसीमन विधेयक पेश होने के मद्देनजर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लिए प्रत्येक सांसद की मौजूदगी महत्वपूर्ण है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने सुधाकरन से हाल ही में देश लौटने के लिए कहा था, ताकि प्रत्येक सांसद की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। पार्टी नेताओं ने बताया कि कन्नूर से लोकसभा सदस्य सुधाकरन दुबई से रात 9:30 बजे की उड़ान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं और उनके सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने तथा संसद की विशेष बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। दिल्ली रवाना होने से पहले सुधाकरन ने संवाददाताओं से कहा कि वह पार्टी और उसके रुख के साथ मजबूती से खड़े हैं।
कांग्रेस सांसद ने उन अफवाहों को झूठा करार दिया कि वह संसद की विशेष बैठक में शामिल नहीं होंगे और विधेयक को पारित कराने में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अप्रत्यक्ष रूप से मदद करेंगे। खुद को कांग्रेस का समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए सुधाकरन ने कहा कि वह हमेशा पार्टी के साथ खड़े रहे हैं और संगठन के लिए अपनी जान तक कुर्बान करने को तैयार हैं। इससे पहले दिन में सुधाकरन के बेटे संजोग ने दुबई में संवाददाताओं से कहा था कि दुबई का अस्पताल उन्हें छुट्टी देने में देरी कर रहा है।
परिवार ने जानबूझकर देरी किए जाने की आशंका भी जताई थी। संजोग ने कहा था कि परिवार को बताया गया कि सुधाकरन को रविवार को अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है और उन्हें भारत वापस ले जाया जा सकता है। संजोग ने बताया कि उन्होंने इस योजना के बारे में कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल को पहले ही सूचित कर दिया था।
उन्होंने अपने पिता के फोन से राहुल गांधी को व्हाट्सऐप संदेश भी भेजा था। संजोग ने स्पष्ट किया कि शुरुआत में वह अस्पताल केवल परामर्श के लिए गए थे, क्योंकि उनके पिता को कुछ परेशानी महसूस हो रही थी। उन्होंने बताया कि परिवार अमेरिका जाने की योजना बना रहा था, लेकिन कन्नूर से अबू धाबी पहुंचने के बाद उन्हें परिसीमन विधेयक को लेकर घोषणा और अधिसूचना जारी होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने भारत लौटने का फैसला किया।
संजोग के मुताबिक, परिवार 27 नवंबर की शाम भारत लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी सुधाकरन ने कुछ परेशानी होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि पिता को पहले से तंत्रिका तंत्र संबंधी समस्या थी और उन्हें यात्रा भी करनी थी, इसलिए परिवार ने दुबई के उस अस्पताल में डॉक्टर से परामर्श लेने का फैसला किया, जहां तंत्रिका तंत्र संबंधी बीमारियों के उपचार की भी सुविधा है। हालांकि, संजोग ने बताया कि बाद में सुधाकरन को अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि परिवार ने सुधाकरन को अस्पताल से छुट्टी दिलाने के लिए आधिकारिक माध्यमों से जरूरी दस्तावेज और अनुरोध भी जमा कराए।