By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अधिकारियों को गोरखपुर में जारी विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने और लगभग तैयार हो चुकी परियोजनाओं को जल्द जनता को समर्पित करने की तैयारी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने किसानों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए धान खरीद का निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के भी निर्देश दिए। राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने रविवार शाम गोरखनाथ मंदिर स्थित कक्ष में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना प्रशासन और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि इससे निर्माण कार्यों में तेजी आएगी और उन्हें निर्धारित समय पर पूरा किया जा सकेगा। योगी ने सड़क और बिजली आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए और जहां मरम्मत या पैचवर्क की जरूरत हो, वहां तत्काल काम कराया जाए।
उन्होंने ठंड के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने धान खरीद की समीक्षा करते हुए कहा कि क्रय केंद्रों पर आने वाले सभी किसानों का धान खरीदा जाए और उन्हें समय पर भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य से अधिक धान खरीदने के प्रयास करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सरकार की किसी प्रकार की कोई नरमी नहीं बरतने की नीति जारी रहनी चाहिए। उन्होंने सर्दी बढ़ने के साथ पुलिस गश्त तेज करने और महानगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों का दायरा बढ़ाने के निर्देश भी दिए।