हाथरस में रिश्वत के समर्थन का Congress का आरोप, मंत्री Baby Rani Maurya ने किया खंडन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

कांग्रेस ने रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य पर हाथरस में आयोजित जन चौपाल के दौरान एक गरीब महिला से कथित तौर पर रिश्वत लिए जाने को उचित ठहराने का आरोप लगाया। वहीं, मंत्री ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस पर सरकार की छवि खराब करने के लिए झूठी कहानी गढ़ने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह आरोप लगाए।

गौतम ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री का कथित बयान भ्रष्टाचार के प्रति सरकार के रवैये को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी। गौतम के अनुसार, मंत्री शुक्रवार को हाथरस के रमनपुर इलाके में जन चौपाल में शामिल होने पहुंची थीं और इस दौरान भूरापीर निवासी बबीता नाम की महिला ने उन्हें बताया कि वह पिछले दो वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान पाने के लिए आवेदन कर रही है।

महिला ने आरोप लगाया कि योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार कराने के संबंध में उसने नगर पालिका परिषद के एक कर्मचारी को ढाई हजार रुपये दिए थे। कांग्रेस ने मंत्री और महिला के बीच हुई बातचीत का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मौर्य ने गरीब महिला से पैसे लिए जाने को यह कहकर उचित ठहराया कि कर्मचारी ने कुछ दस्तावेज तैयार कराने के लिए पैसे लिए होंगे और दो-ढाई हजार रुपये का भुगतान भ्रष्टाचार नहीं है। हालांकि, मौर्य ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में इन आरोपों को खारिज किया।

मंत्री ने कहा कि उन्होंने केवल महिला से पूछा था कि क्या उसने दस्तावेज तैयार कराने के लिए पैसे दिए थे, न कि रिश्वत के तौर पर। उन्होंने कहा, “जन चौपाल में दलित बस्ती की कई महिलाएं आवास योजना के आवेदन लेकर पहुंची थीं। इसी दौरान एक महिला ने अपने दस्तावेज दिखाते हुए बताया कि उन्हें तैयार कराने में दो से ढाई हजार रुपये खर्च हुए हैं।

मैंने उससे पूछा था कि क्या यह रकम कागजी कार्रवाई के लिए दी गई थी तो उसने इसकी पुष्टि की थी।” मंत्री ने बताया कि उनके साथ मौजूद हाथरस सदर की विधायक अंजुला सिंह माहौर ने हस्तक्षेप करते हुए कहा था कि गरीब महिला से दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्ति के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। मौर्य ने कहा, “मैंने केवल यह पूछा था कि पैसे कागजी कार्रवाई के लिए दिए गए थे या नहीं। समझ में नहीं आता कि इसे भ्रष्टाचार या रिश्वत को उचित ठहराने के रूप में कैसे पेश किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि बदायूं में संबंधित महिला से मिलकर भी तथ्यों की पुष्टि की जा सकती है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति है और उनकी सरकार भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करती। दूसरी ओर, गौतम ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाली सीमित सहायता राशि का 20 से 25 प्रतिशत तक हिस्सा रिश्वत के रूप में चला जाता है, जो गरीबों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में गरीब परिवारों के लिए पक्का मकान बनाना मुश्किल हो जाता है और निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण उन्हें कर्ज में डूबना पड़ता है।

गौतम ने आरोप लगाया कि मंत्री की टिप्पणी से स्पष्ट होता है कि प्रदेश में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर गरीबों से वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार अब अपवाद नहीं बल्कि प्रदेश की व्यवस्था का हिस्सा बन गया है।

प्रमुख खबरें

PM Modi का विपक्ष पर तंज: देश की तरक्की से नाराज रहने वाले सुनें भूपेन हजारिका के गीत

कर्नाटक में पन्ना के 21 मजदूर बंधक, पुलिस ने दर्ज की शिकायत

Switzerland में हथियारों के निर्यात नियमों में ढील को मंजूरी, 55 फीसदी मतदाताओं ने दिया समर्थन

देहरादून में STF और पुलिस की कार्रवाई, 800 पैकेट नकली Gold Flake सिगरेट संग आरोपी धरा